Sunday, April 19, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलश्रीरामरचित मानस की प्रतियां जलाने के मामले में पांच आरोपित गिरफ्तार

श्रीरामरचित मानस की प्रतियां जलाने के मामले में पांच आरोपित गिरफ्तार

– स्वामी प्रसाद मौर्या सहित 10 पर मुकदमा किया गया है दर्ज

लखनऊ(हि.स.)। राजधानी में बीते रविवार को श्रीरामचरित मानस के पन्नों की प्रतियां जलाई गई थी। इस मामले में देर रात को पीजीआई थाना में सपा के वरिष्ठ नेता स्वामी प्रसाद मौर्या सहित 10 नामजद मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने दावा किया है कि इस प्रकरण से जुड़े पांच लोगों की सोमवार सुबह गिरफ्तारी हुई है, जबकि अन्य की तलाश में दबिश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, ऐशबाग निवासी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला कार्य समिति सदस्य सतनाम सिंह उर्फ लवी की तहरीर पर पीजीआई थाना में देर रात को मुकदमा दर्ज हुआ था। इसमें उन्होंने कहा कि श्रीरामचरित मानस की प्रतियां जलाकर इन लोगों ने एक समुदाय की भावना को आहत किया है। हिंसा के लिए लोगों को उकसाने एवं कानून व्यवस्था को खराब करने का जानबूझ कर प्रयास किया जा रहा है।

सतनाम की तहरीर के आधार पर पुलिस ने स्वामी प्रसाद मौर्या, देवेंद्र सिंह, यशपाल सिंह लोधी, सत्येंद्र कुशवाहा, महेंद्र प्रताप यादव, सुजीत यादव, नरेश सिंह, एसएस यादव, संतोष वर्मा, सलीम और कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया।

एडीसीपी पूर्वी सैयद अली अब्बास ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में आरोपित देवेंद्र सिंह, सलीम सहित पांच लोगों की गिरफ्तारी की गई है। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्या ने श्रीरामचरित मानस पर विवादित बयान दिया था। उनके समर्थन में रविवार को अखिल भारतीय ओबीसी महासभा ने वृंदावन योजना तिराहे पर विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान पदाधिकारियों ने श्रीरामचरित मानस के कुछ पन्नों की प्रतियां जलाईं थीं।

पदाधिकारी देवेंद्र यादव का दावा था कि श्रीरामचरित मानस में कई चौपाइयों में जातियों के विषय में गलत बातें लिखी गई हैं। सरकार से अपील की, कि जब संविधान में संशोधन किया जा सकता है तो इन चौपाईयों को भी संशोधित किया जाए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, प्रतियां जलाने को लेकर हिंदू संगठनों ने विरोध किया और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की थी।

दीपक वरुण

RELATED ARTICLES

Most Popular