Sunday, September 13, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलश्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बनाये गये भगवान शिव

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बनाये गये भगवान शिव

लखनऊ (हि.स.)। मोहिबुल्लापुर में प्रत्येक वर्ष भाद्रपद कृष्ण पक्ष अष्टमी को मनाये जाने वाले श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में स्थानीय लोगों एवं आयोजन समिति ने इस वर्ष देवों के देव भगवान शिव को मुख्य अतिथि बनाया है। शिवभक्त लोगों की संख्या अधिकाधिक होने के कारण मुख्य अतिथि के लिए भगवान शिव का नाम आते ही कार्यक्रम समिति ने इस प्रस्ताव को तत्काल स्वीकार कर लिया।

श्रीमारुति नन्दन चौरिटेबल ट्रस्ट और मोहिबुल्लापुर क्षेत्र के स्थानीय निवासी लोगों ने वर्ष 2007 में श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव करना आरम्भ किया था। इसके बाद प्रत्येक वर्ष जन्मोत्सव का कार्यक्रम भव्य रुप लेता चला गया। इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव के लिए बनायी गयी समिति के सदस्य अजीत ने बताया कि मुख्य अतिथि भगवान शिव हैं। आयोजन के आमंत्रण पत्र पर भी भगवान शिव का नाम छापा गया है। जो कण कण में विराजमान हैं। कार्यक्रम स्थल कृष्णलीला मैदान में भी कार्यक्रम के दिन भगवान शिव अपने भक्तों के लिए किसी न किसी भेष में उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम का विवरण देते हुए उन्होंने कहा कि सात सितम्बर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव होगा। इसी दिन अपराह्न तीन बजे से सुंदरकांड का पाठ किया जायेगा। इसके बाद श्रीकृष्ण जन्मोत्सव है। आठ सितम्बर को श्रीकृष्ण लीला का आयोजन होगा। नौ सितम्बर को झांकी दर्शन होगें। 10 सितम्बर को जवाबी कीर्तन कार्यक्रम होने जा रहा है, जिसमें कानपुर की क्रांति माला और बहराईच के चन्द्रभान निडर मौजूद रहेंगे।

उन्होंने कार्यक्रम की रुपरेखा में कहा कि 17 सितम्बर को शोभा यात्रा का आयोजन होगा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर झांकी तक के कार्यक्रमों के मध्य भगवान शिव के भक्तों की विशेष उपस्थिति रहेगी। बिनु भगवाान शिव के शिवभक्त और पूरा आयोजन अधूरा है, इसके लिए महादेव को मुख्य अतिथि बनाया गया है।

शरद/बृजनंदन

RELATED ARTICLES

Most Popular