Sunday, September 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेशशिक्षक दिवस पर सांसद मेनका गांधी ने दी बेसिक शिक्षा कार्यालय की...

शिक्षक दिवस पर सांसद मेनका गांधी ने दी बेसिक शिक्षा कार्यालय की सौगात

– शिक्षकों से होने वाली वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी

– नगर के आधे से अधिक विद्यालयों का किराये के कमरे में चलना चिंता का विषय

सुलतानपुर(हि.स.)। अपने संसदीय क्षेत्र दौरे के तीसरे व अंतिम दिन शनिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री व जिले की सांसद मेनका संजय गांधी ने नगर में नवनिर्मित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय का लोकार्पण किया ।

श्रीमती गांधी ने अपने मंचीय सम्बोधन के दौरान चेतावनी भरे शब्दों में कहा कि इस कार्यालय में स्थानांतरण समायोजन व अन्य कार्यों में शिक्षकों से होने वाली वसूली कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने कहा कि अधिकारी व कर्मचारी कार्यालय में अपनी शुचिता बनाए रखें।

सांसद मेनका संजय गांधी ने कहा कि बेसिक शिक्षा के प्रति प्रदेश सरकार के गंभीर होने के बावजूद नगर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों की दयनीय स्थित होना चिंता का विषय है।उन्होंने कहा कि उन्हें आज जानकारी मिली है कि नगर के आधे से अधिक विद्यालय किराए के भवन में चल रहे हैं। इसके लिए वह कुछ अधिकारियों से बात करेंगी।

श्रीमती गांधी ने कहा कि पिछले दो दशकों से निर्मित हो रहे भवन में बेसिक शिक्षा कार्यालय का स्थापित होना भाजपा सरकार की बड़ी उपलब्धि है।

शिक्षक दिवस के अवसर पर श्रीमती गांधी ने कहा कि शिक्षक व चिकित्सक के बिना कोई भी देश नहीं चल सकता, मेरा सौभाग्य है कि मेरे जिले के अपने कार्यों के प्रति शिक्षक व चिकित्सक दोनों प्रतिबद्ध है। मुझे अपने शिक्षकों पर गर्व है कि कोरोना के संकटकाल में अपनी जान की चिंता किए बिना उन्होंने पंचायत चुनाव कराने व ऑनलाइन शिक्षा के माध्यम से अपने दायित्वों का पूर्ण निर्वहन किया है ।

इस अवसर पर सुलतानपुर भाजपा विधायक सूर्यभान सिंह, बल्दीराय के ब्लाक प्रमुख व जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि एस.के. सिंह भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ आर ए वर्मा,महामंत्री विजय त्रिपाठी पूर्व जिला अध्यक्ष सीताशरण त्रिपाठी, बबीता तिवारी, उपमा शर्मा समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं शिक्षकगण भी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular