Friday, April 24, 2026
Homeउत्तर प्रदेशशर्मनाक : दुष्कर्म पीड़ित की अस्मत का सौदा, पंचायत ने सुनाया फ़रमान

शर्मनाक : दुष्कर्म पीड़ित की अस्मत का सौदा, पंचायत ने सुनाया फ़रमान

रायबरेली(हि.स.)। दुष्कर्म पीड़ित एक युवती की अस्मत का सौदा पंचायत ने 70 हज़ार रुपये में कर दिया। जब आरोपित ने पैसा देने से इनकार किया तो मामला पुलिस के सामने पहुंचा। तब इस शर्मनाक कहानी का खुलासा हुआ। अब पुलिस पूरे मामले की जांच करके कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।

सलोन कोतवाली क्षेत्र के तरैया गांव में एक युवती के साथ मसौदाबाद के युवक ने दुष्कर्म किया था। घटना कुछ दिनों पहले की है। पीड़िता ने गांव वालों से इंसाफ की फरियाद की तो गांव की पंचायत बैठी और फरमान सुनाया गया। इसमें ग्राम प्रधान और अन्य लोग शामिल हुए। पंचायत ने युवती के साथ हुए अपराध की कीमत 70 हजार रुपये तय कर दिए। यह राशि पीड़िता को उसकी अस्मत के बदले दिया जाना था। इस अर्थदंड को अदा करने के लिए आरोपित युवक को पंचायत ने कुछ दिनों का समय भी दिया। इस बीच युवक की नियति बदल गई और उसने अर्थदंड नहीं अदा किया। उसके बाद पीड़िता के परिजनों ने युवक के घर वालों की पिटाई कर दी। तब मामला कोतवाली पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस अब दोनों पक्षों को तलब किया है। सलोन कोतवाल बृजेश राय ने बताया कि अपराधिक मामलों में पंचायत को हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। पूरे मामले की जांच की जा रही है। पीडिता की शिकायत पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रजनीश

RELATED ARTICLES

Most Popular