लखनऊ(हि.स.)। निगोहा थाना क्षेत्र में 22 मार्च को मिली युवक की लाश की शिनाख्त और हत्या के मामले में एक अभियुक्त को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया है। शराब के लिए पैसा न देने पर उसने युवक की गला दबाकर हत्या की थी।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी राहुल राज ने बताया कि 22 मार्च को साहब ग्राम शेरपुर के बाबू सुंदर सिंह इंजीनियरिंग कॉलेज की बाउंड्री वाल के पास एक युवक की लाश मिली थी। जांच के दौरान पाया कि जिस युवक की गला दबाकर हत्या की गई है वो इसी गांव का रहने वाला राजेन्द्र लम्बरदार था। परिवार की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शनिवार को ग्राम रानीखेड़ा मार्ग के पास महुआ के बाग में साइकिल सवार युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मनोज कुमार बताते हुए अपना जुर्म स्वीकारा। उसने बताया कि राजेन्द्र लम्बरदार और उसका एक साथ उठना बैठना था। एक साथ बैठकर शराब पीते थे।
घटना वाले दिन कॉलेज की दीवार के पास बैठकर शराब पी रहे थे। उसने और शराब पीने के लिए राजेन्द्र से पैसे मांगे तो मना करने पर गुस्से में आकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके उसकी साइकिल, जेब में रखे रुपये और अन्य चीजें लेकर भाग गया। आज वह अपनी बहन के यहां जा रहा था, तभी उसे पकड़ लिया गया । पुलिस ने हत्या के आरोप में युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दीपक
