Wednesday, May 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयोगी सरकार में साकार हो रही अंत्योदय की संकल्पना: भूपेन्द्र चौधरी

योगी सरकार में साकार हो रही अंत्योदय की संकल्पना: भूपेन्द्र चौधरी

लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार राज्य को सुशासन और विकास के पथ पर आगे बढ़ा रही है। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के सुशासन और विकास का मॉडल अन्य राज्यों के लिए नजीर बन रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि योगी सरकार में अंत्योदय की संकल्पना भी साकार हो रही है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र पर कार्य करते हुए उत्तर प्रदेश को सर्वाेत्तम प्रदेश बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। विकास, सद्भाव एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर योगी सरकार के मॉॅडल की सराहना आज पूरे देश में ही नहीं विदेशों में भी हो रही है। यही वजह है कि विश्वभर के निवेशकों की पहली पसंद उत्तर प्रदेश बन गया है।

चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों का परिश्रम एवं कर्तव्यनिष्ठा का ही परिणाम है कि प्रदेश आज देश के अग्रणी राज्यों में गिना जा रहा है। केंद्र एवं प्रदेश की डबल इंजन सरकार जनता को मूलभूत सुविधाएं सहज उपलब्ध कराने के साथ विकास का विश्वस्तरीय वातावरण उपलब्ध कराने में सफल रहीं हैं।

प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के गन्ने के मूल्य का भुगतान करने सहित किसानों के हितों को ध्यान में रखकर उल्लेखनीय कार्य किए। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला कल्याण सहित समाज के हर क्षेत्र और वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर अनेक योजनाएं लागू कर अपने संकल्पों को पूरा करने का काम किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी के कुशल मार्गदर्शन में राज्य की डबल इंजन की भाजपा सरकार में सभी योजनाओं का आधार लोक कल्याण ही रहा है। विकास के साथ ही आस्था को मिले सम्मान ने भाजपा सरकार के प्रति जन विश्वास को और मजबूत किया है।

बृजनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular