विवादित पोस्टर चिपकाने वाला छात्र सभा का प्रदेश सचिव गिरफ्तार

लखनऊ(एजेंसी)। राजधानी के कई इलाकों में विवादित पोस्टर चिपकाने के मामले में शनिवार को हजरतगंज पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। वह समाजवादी पार्टी छात्र सभा का पदाधिकारी बताया जा रहा है। 

डीसीपी मध्य सोमेन वर्मा ने बताया कि मूलरूप से आगरा के लवकुश विहार कॉलोनी निवासी विकास यादव ने दारुलशफा में विवादित पोस्टर लगवाया था। इस पोस्टर में अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया गया था। इस संबंध में चौकी प्रभारी दारुलशफा की तहरीर पर हजरतगंज कोतवाली में विकास यादव के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई थी। पुलिस आरोपित की तलाश में छापेमारी कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने विकास को नगर निगम कार्यालय के सामने झंडे वाले पार्क से दबोच लिया। वह समाजवादी पार्टी छात्र सभा का पदाधिकारी है।  

इंस्पेक्टर हजरतगंज अंजनी कुमार पांडेय ने बताया कि अब पुलिस विकास का साथ देेने वाले प्रिंटिंग प्रेस के मालिक  की तलाश कर रही है।
उल्लेखनीय है कि 26 अगस्त की सुबह दारुलशफा की दीवारों पर कई विवादित पोस्टर देखे गए थे। इन पोस्टरों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आपत्तिजनक कार्टून बना था। प्रदेश में गुंडाराज और भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए गए थे। पोस्टर में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को विशेष समुदाय का रक्षक बताया गया था। पोस्टर के नीचे ही आरोपित विकास यादव की फोटो के साथ निवेदक के रूप में उसका नाम व समाजवादी पार्टी छात्र सभा के प्रदेश सचिव का पद लिखा हुआ था। विशेष समुदाय के प्रति भेदभाव की बातें लिखी थीं। पोस्टर की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन से उसे हटवाकर आरोपित को पकड़ने में जुट गयी थी। 

error: Content is protected !!