रायबरेली(हि. स.)।विधायक अदिति सिंह ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता और विधायक पद से इस्तीफ़ा दे दिया।इसकी जानकारी उन्होंने ट्वीट करके दी।हालांकि एक महीने पहले ही वह बीजेपी में शामिल हो चुकी हैं और उनका यह इस्तीफ़ा केवल तकनीकी ही है।
अदिति सिंह ने कांग्रेस से इस्तीफ़ा नहीं दिया था क्योंकि अगर वह इस्तीफ़ा देती तो उन पर दलबदल कानून के तहत कार्रवाई हो सकती थी। अदिति सिंह ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर इस्तीफे की जानकारी दी और इसे स्वीकार करने का अनुरोध किया।
अदिति ने विधानसभा अध्यक्ष को भी विधायक पद से इस्तीफा भेजा जिसमें उन्होंने लिखा है कि ” मैं सदन से अपने स्थान से 19 जनवरी अपराह्न से पद का त्याग करती हूं।”उल्लेखनीय है कि भाजपा में शामिल होने के बावजूद भी वह तकनीकी रूप से कांग्रेस की सदस्य थीं।
दरअसल 2017 में कांग्रेस से चुनकर आई अदिति सिंह रायबरेली के बाहुबली नेता रहे अखिलेश सिंह की बड़ी बेटी हैं।उन्हें कभी गांधी परिवार का नजदीकी माना जाता रहा है लेकिन 2019 में उनका झुकाव भाजपा की तरफ हो गया और पिछले 24 नवम्बर को वह पार्टी में विधिवत शामिल हो गईं।भाजपा रायबरेली सदर से उन्हें उम्मीदवार बना रही है और जिले में वह पार्टी के लिए प्रमुख चेहरा हो सकती हैं।
रजनीश
