विकास दुबे को लाने वाली कार में सवार एसटीएफ आरक्षी कोरोना संक्रमित

प्रादेशिक डेस्क

कानपुर। कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे को उज्जैन से लेकर आ रही कार में सवार एक कॉन्स्टेबल कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार देर रात कॉन्स्टेबल के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की खबर आई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि उसी कार में चार और पुलिसकर्मी सवार थे। विकास को उज्जैन से लेकर आ रही कार कानपुर के निकट अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई थी। इसके बाद कथित तौर पर भागने की कोशिश कर रहे विकास को पुलिस ने मार गिराया था। संक्रमित कॉन्स्टेबल को भी मुठभेड़ के दौरान चोटें आईं। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि कॉन्स्टेबल के संपर्क में आए लोगों का पता लगाया जा रहा है।
गौरतलब है कि बीते दो जुलाई को कानपुर के बिकरू गांव में विकास दुबे और उसके गैंग ने 8 पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। तब से विकास दुबे पुलिस की गिरफ्त से फरार था। वारदात के सात दिन बाद गुरुवार सुबह विकास दुबे को एमपी पुलिस ने उज्जैन (मध्य प्रदेश) में स्थित महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया और देर शाम उन्होंने विकास को यूपी एसटीएफ को सौंप दिया था। एसटीएफ ने विकास दुबे से उज्जैन से कानपुर के सफर के बीच में लंबी पूछताछ की। विकास को इस बता का अंदेशा नहीं था कि रास्ते में कोई दुर्घटना हो सकती है इसलिए वह भी एसटीएफ को कई बातें बताता गया। सूत्रों के मुताबिक, विकास ने इस दौरान अपने कई राज खोले। हालांकि अभी इस बारे में कोई भी आधिकारिक रुप से कहने से बच रहा है। विकास ने जिन लोगों के नाम पुलिस को बताए हैं। उन्हें लेकर भी लखनऊ से रणनीति तय की जाएगी। उनके खिलाफ क्या सबूत होंगे और उन्हें कैसे इकट्ठा किया जाएगा। इस बारे में उच्च अधिकारी भी चर्चा करेंगे। इन लोगों के खिलाफ भी कानूनी शिकंजे को मजबूत किया जाएगा। मजिस्ट्रेटी जांच से भी कई बातें सामने आएंगी।

error: Content is protected !!