Monday, September 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशवाराणसी : राजनीति में अपने वजूद के लिए संघर्ष जरूरी, सपा लड़ने...

वाराणसी : राजनीति में अपने वजूद के लिए संघर्ष जरूरी, सपा लड़ने के बजाय मैदान छोड़कर भागी : अजय राय

भाजपा ने अलोकतांत्रिक तरीके से जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा किया: अजय राय
वाराणसी(हि.स.)। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा उम्मीदवार पूनम मौर्य की निर्विरोध जीत पर कांग्रेस ने सवाल उठाया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री अजय राय ने रविवार को कहा कि भाजपा ने अलोकतांत्रिक तरीके से वाराणसी सहित प्रदेश के कई जनपदों में भय और लालच के बल पर शासन-प्रशासन का दुरुपयोग कर जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व पर सत्ता का गुरूर छाया है, विपक्ष के प्रति द्वेषभाव है और अहंकार सिर पर चढ़कर बोल रहा है। भाजपा ने अपनी कुनीतियों से जनता को अब निराश कर दिया है। समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार का नामांकन निरस्त होने पर उन्होंने कहा कि हर लड़ाई में संघर्ष मायने रखता है। राजनीति में तो अपने वजूद के लिए संघर्ष के साथ लड़ते रहना चाहिए। समाजवादी पार्टी ने तो जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में लड़ने के बजाए अपने हाथ खड़े कर दिए। 
कहा कि कांग्रेस ने वाराणसी में भाजपा को शिकस्त देने के लिए बिना शर्त समाजवादी पार्टी को अपने निर्वाचित पांच जिला पंचायत सदस्यों का समर्थन दिया था। लेकिन समाजवादी पार्टी मैदान छोड़कर हट गई। पार्टी को इस मुद्दे पर संघर्ष कर सरकार की दमनकारी नीतियों को उजागर करना चाहिए था। 
पूर्व विधायक ने कहा कि भाजपा को यह समझना चाहिए कि लोकतंत्र में गरिमा जनादेश का सम्मान करने में होती है, उसके साथ धोखाधड़ी करने में नहीं। आज पूरे प्रदेश में इस दमनकारी सरकार के खिलाफ अगर कोई मजबूती से लड़ रहा है तो वह कांग्रेस पार्टी।

RELATED ARTICLES

Most Popular