कौशाम्बी (हि.स.)। सोशल मीडिया में भीड़ की शक्ल में भोज कार्यक्रम का वीडियो बड़ी तेजी से सोमवार की देर शाम से वायरल हो रहा है। भोज कार्यक्रम का वायरल वीडियो पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के फायर स्टेशन का बताया जा है। कार्यक्रम चौकी इंचार्ज चम्पहा के बेटे के जन्म की खुशी में आयोजित किया गया था। लाकडाउन के दिन रविवार को आयोजित कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया में वाइरल होने के बाद महकमे में हड़कंप मंच गया है। पुलिस अधिकारी वीडियो की जांच के बाद कार्यवाही की बात कह रहे है।
वायरल वीडियो में भीड़ की शक्ल में लोगों एक के बाद एक सामूहिक भोज कर रहे हैं। जिसमें लोग एक के बाद एक पकवान को अपने हांथों से निकाल कर थाली में निकालते देखे जा रहे हैं। भोज में बावर्दी पुलिस के लोग भी छक कर दावत का लुफ्त लेते देखे जा सकते हैं। कार्यक्रम की भव्यता का अंदाजा वीडियो में दिख रहे पंडाल की सजावट से देख कर लगाया जा सकता है। कार्यक्रम में आमंत्रित लोग कोरोना महामारी के संक्रमण से अनजान बेख़ौफ़ नज़र आ रहे हैं।
पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के फायर स्टेशन में भोज कार्यक्रम चौकी इंचार्ज चम्पहा चन्दन सिंह के बेटे के जन्म होने के ख़ुशी में साप्ताहिक लॉकडाउन के दिन रविवार को आयोजित किया गया। सूत्रों के अनुसार लॉक-डाउन तोड़ आयोजित दावत-ए-दारोग़ा में गैर जनपद के इन्स्पेक्टर, थानेदार समेत दर्जनों पुलिस कर्मी सरीक हुए। भोज कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
एएसपी समर बहादुर ने बताया, वायरल वीडियो के बाबत जानकारी उन्हें मिली है। वीडियो की जांच कराई जा रही है। घटना क्रम के सम्बन्ध में सर्किल अफसर मंझनपुर से रिपोर्ट तलब की गई है। रिपोर्ट के अनुसार कार्यवाही की जाएगी।
