लखनऊ (हि.स.)। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ होकर चलने वाली ट्रेन सं. 14854 जोधपुर-वाराणसी एक्सप्रेस में शनिवार को अतिरिक्त कोच लगाकर रवाना कर दिया। इसके अलावा लखनऊ होकर अप-डाउन में चलने वाली पांच अन्य ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। इससे यात्रियों को वेटिंग से राहत मिलेगी।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ होकर सप्ताह में तीन दिन चलने वाली 14854 जोधपुर-वाराणसी एक्सप्रेस में शनिवार को जोधपुर से एक द्वितीय शयनयान श्रेणी और एक द्वितीय साधारण श्रेणी के कोच अस्थाई तौर पर लगा दिए गए हैं। इस ट्रेन में अब 31 जनवरी तक अस्थाई कोच लगाए जाएंगे। वापसी में 14853 वाराणसी-जोधपुर एक्सप्रेस में वाराणसी से 02 जनवरी से 01 फरवरी तक एक द्वितीय शयनयान और एक द्वितीय साधारण श्रेणी के कोच अस्थाई तौर पर लगाए जाएंगे।
इसी तरह से लखनऊ होकर अप-डाउन में मंगलवार, शुक्रवार और रविवार को चलने वाली 14864 जोधपुर- वाराणसी एक्सप्रेस में 31 जनवरी तक और 14863 वाराणसी-जोधपुर एक्सप्रेस में 01 फरवरी तक एक द्वितीय शयनयान और एक द्वितीय साधारण श्रेणी के कोच अस्थाई तौर पर लगाए जाएंगे। इसके अलावा लखनऊ होकर सप्ताह में बुधवार को चलने वाली 14866 जोधपुर-वाराणसी एक्सप्रेस में 31 जनवरी तक और गुरुवार को चलने वाली 14865 वाराणसी-जोधपुर एक्सप्रेस में एक फरवरी तक एक द्वितीय शयनयान और एक द्वितीय साधारण श्रेणी के कोच अस्थाई तौर पर लगाए जाएंगे। इससे यात्रियों को वेटिंग से राहत मिलेगी।
दीपक
