वाराणसी(हि.स.)। मोहनसराय ट्रान्सपोर्ट नगर योजना से प्रभावित किसानों ने मंगलवार को रंगों की होली का बहिष्कार कर अपने खेतों की मिट्टी का माथे पर तिलक लगा शरीर में मिट्टी पोत कर होली खेली। इस दौरान किसानों ने अपनी पुस्तैनी जमीन की रक्षा का संकल्प भी दोहराया। किसान संघर्ष समिति के संरक्षक विनय शंकर राय “मुन्ना” की अगुवाई में जुटे किसानों ने बैरवन में अपने खेतों में खड़े होकर जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
विरोध प्रदर्शन में शामिल किसान नेता विनय राय ने कहा कि जिला प्रशासन के तानाशाही रवैये से होली त्यौहार का किसानों को बहिष्कार करना पड़ा है। किसानों ने अपने खेतों में खड़े होकर मिट्टी से होली खेली। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन के लोग कानून का खुला उल्लंघन कर अन्नदाता की नींद हराम कर दिए हैं। प्रशासन खुलेआम अन्नदाता के हक अधिकार पर डाका डालने पर आमादा हैं। इससे दुखी होकर योजना से प्रभावित चार गांव के किसान होली नहीं मना रहे हैं। अनूठे विरोध प्रदर्शन में मेवा पटेल, अमलेश पटेल, छेदी पटेल, मनोज पटेल, हृदय नारायण उपाध्याय, दिनेश तिवारी, प्रेम शाह, शिव यादव, लालमनी देवी, बिटना देवी, चमेली देवी, भगवती देवी, राजपति देवी, लक्ष्मीना, कलावती देवी, शीला देवी आदि शामिल रहीं।
श्रीधर
