Thursday, April 23, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयरूसी सेना का यूक्रेन पर हमला तेज, कीव से ओडेसा तक हुए...

रूसी सेना का यूक्रेन पर हमला तेज, कीव से ओडेसा तक हुए धमाके

-पुतिन पर हमले की कोशिश के आरोप के बाद रूस आक्रामक

-काला सागर के पास रूस की तेल रिफाइनरी में लगी भीषण आग

कीव (हि.स.)। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन की हत्या की कोशिश का आरोप यूक्रेन पर लगने के बाद दोनों देशों के बीच घमासान बढ़ गया है। आक्रामकता बढ़ने के साथ ही रूसी सेना ने यूक्रेन पर हमले तेज कर दिये हैं, जिसके बाद यूक्रेन की राजधानी कीव से ओडेसा तक धमाके हुए।

यूक्रेन पर रूस के हमले के चौदह महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी संकट कम नहीं हो रहा है। रूसी राष्ट्रपति भवन पर ड्रोन हमले के बाद रूस ने यूक्रेन पर राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को मारने के प्रयास का आरोप लगाया था। इसके बाद अचानक रूसी सेना की आक्रामकता बढ़ गयी है।

यूक्रेन के पूर्वी क्षेत्र में रूसी सेना की कार्रवाई तेज हो गयी है। यहां के लोगों ने गुरुवार सुबह भी धमाकों की आवाज सुनी। यूक्रेन के क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन ने कहा कि कीव में सभी एयर डिफेंस सिस्टम काम कर रहे हैं और सेना लोगों को बचाने की पूरी कोशिश कर रही है।

रूस की सेना ने खेरसन में जोरदार हमले किये, जिनमें 21 लोगों की मौत हो गई। खुद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने जानकारी दी कि इन हमलों में 48 लोग घायल भी हुए हैं। यूक्रेनी अफसरों ने बताया कि रूस के हमलों में 12 लोग शहर में ही मारे गए, जबकि पास के गांवों में भी मृतकों की खोज जारी है। अब तक नौ के मारे जाने की पुष्टि हुई है। इन हमलों के बीच खेरसन में कर्फ्यू जारी है।

इस बीच यूक्रेन के ड्रोन हमले से दक्षिण रूस में तेल रिफाइनरी में आग लग गई। यूक्रेन की ओर से यह हमला इल्स्की रिफाइनरी के पास हुआ, जो काला सागर बंदरगाह के करीब नोवोरोसियस्क में मौजूद है। दावा किया गया कि तेल के बड़े भंडार में आग लगी है।

इससे पहले यूक्रेन के कथित हमले के दौरान रूस के क्रैस्नोदार क्षेत्र में एक ईंधन डिपो में आग लग गई थी। यह इलाका रूस और क्रीमिया को जोड़ने वाले पुल के काफी करीब है।

संजीव/ब्रजेश

RELATED ARTICLES

Most Popular