Sunday, May 24, 2026
Homeउत्तर प्रदेशराहुल गांधी को कृषि कानून की जानकारी नहीं है : मनोज तिवारी

राहुल गांधी को कृषि कानून की जानकारी नहीं है : मनोज तिवारी

सुलतानपुर (हि.स.)। राहुल गांधी दुनिया के सबसे कन्फ्यूज नेता है। उनको कृषि कानून की जानकारी नहीं है। कृषि कानून देश के सभी राज्यों ने स्वीकार कर लिया, कांग्रेस की पंजाब सरकार को छोड़कर, भाजपा व केन्द्र सरकार सबकी बातें सुनने को तैयार है। हमारे कृषि मंत्री नरेन्द्र तोमर व गृहमंत्री अमित शाह लगातार आन्दोलनरत किसानों से वार्ता करना चाहते हैं। 
यह बातें भारतीय जनता पार्टी दिल्ली के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी ने सोमवार को शाम शहर के निरालानगर में वरिष्ठ पत्रकार एवं हिंदी सलाहकार सदस्य, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार रजनीश त्रिपाठी के आवास पर पत्रकारों से वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि किसानों के नेताओं को 3 दिसम्बर को वार्ता के लिए आमंत्रित किया है।
श्री तिवारी ने कहा कि कांग्रेस व विपक्षीदल किसानों को भड़काने का काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसानों के आय दोगुना करके उनको आर्थिक रूप से मजबूत करना चाहते हैं। पंजाब के किसान के नाम पर जो आन्दोलन कर रहे हैं वह सरकार के साथ बात नहीं करना चाहते। एमएसपी जैसे थी वैसी ही रहेगी। सरकार बिचौलियों को हटाकर किसानों को धान का एमएसपी मूल्य दे रही है। मैं भी किसान का बेटा हूं। मुझे मालूम है कि उत्तर प्रदेश, बिहार सहित सभी भाजपा शासित राज्य किसानों की धान की खरीद एमएसपी पर कर रहे हैं।  
मनोज तिवारी ने हैदराबाद म्युनिसिपल चुनाव में पूरी ताकत लड़ने के पत्रकारों के सवाल का जबाव देते हुए कहा कि बीजेपी हर छोटा-बड़ा चुनाव गंभीरता व पूरी ताकत से लड़ती है। चुनाव पार्टी के लिए जनता की सेवा करने व उनके जीवन में खुशहाली लाने का अवसर प्रदान करता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हैदराबाद में जो भाग्यनगर बोला उसका मतलब भाजपा लोगों का भाग्य बदलने का काम करेगी। मनोज तिवारी डॉ. वीरेन्द्र प्रताप त्रिपाठी की पुत्री सोनाली त्रिपाठी के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आये थे। 

RELATED ARTICLES

Most Popular