Monday, April 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेश राहुल गांधी का दौरा निरस्त होने पर कांग्रेस कार्यकर्ता भड़के, सरकार पर...

 राहुल गांधी का दौरा निरस्त होने पर कांग्रेस कार्यकर्ता भड़के, सरकार पर साधा निशाना

आरोप, सरकार के इशारे पर राहुल गांधी के विमान को बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतरने की नहीं मिली इजाजत

वाराणसी (हि.स.)। कांग्रेस नेता व सांसद राहुल गांधी को प्रयागराज जाने के लिए सोमवार की देर रात बाबतपुर एयरपोर्ट पर आना था। केरल वायनाड से आ रहे राहुल गांधी के स्वागत के लिए स्थानीय कांग्रेस के नेता एयरपोर्ट पर शाम को ही पहुंच गये। अचानक देर शाम राहुल गांधी का दौरा रद्द हो गया। इसकी जानकारी पाते ही कांग्रेस नेता आक्रोशित हो गये।

एयरपोर्ट पर पार्टी के प्रदेश प्रांतीय अध्यक्ष प्रयागराज जोन पूर्व मंत्री अजय राय ने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर राहुल गांधी के विमान को वाराणसी एयरपोर्ट पर उतरने की इजाजत नहीं दी गई। इस वजह से उनके प्रयागराज आने का कार्यक्रम निरस्त करना पड़ा।

अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी की बढ़ती हुई लोकप्रियता से सरकार डर गई है। इस तरह की हरकत की जितनी निंदा की जाए कम है। अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी का विमान बाबतपुर हवाई क्षेत्र में पहुंचा था। दो-तीन चक्कर लगाया, लेकिन एयरपोर्ट अथॉरिटी ने लैंडिंग की परमिशन नहीं दी। फिर विमान दिल्ली के लिए रवाना हो गया।

इस संबंध में एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि राहुल की लैंडिंग पहले से ही निरस्त थी। एयरपोर्ट निदेशक आर्यमा सान्याल ने बताया कि राहुल गांधी के मूवमेंट के निरस्त होने की सूचना पहले ही आ गई थीं। एयरक्राफ्ट आपरेटर ने रात 9:30 बजे यह सूचना दी थी कि राहुल गांधी का विमान कन्नौर से नई दिल्ली के लिए उड़ा है। विमान का वाराणसी आना निरस्त हो गया है।

राहुल गांधी का प्रयागराज दौरा भी रद्द

राहुल गांधी का प्रयागराज का दौरा रद्द होने के बाद अभी तक अगले कार्यक्रम की तारीख तय नहीं हो पाई है। पार्टी के स्थानीय नेताओं ने संभावना जताई है कि शीघ्र ही राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे का कार्यक्रम तय होगा। बताते चलें कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को प्रयागराज में नेहरू गांधी परिवार के पैतृक आवास स्वराज भवन में सोमवार रुककर अगले दिन मंगलवार को कमला नेहरू ट्रस्ट की बैठक में शामिल होना था।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular