राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री समेत दिग्गजों ने दी मुख्यमंत्री योगी को जन्मदिन पर बधाई

लखनऊ (हि.स.)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह समेत कई दिग्गज नेताओं ने फोन कर मुख्यमंत्री योगी आ​दित्यनाथ को उनके जन्मदिन पर बधाई दी है। जन्मदिन की बधाई देने के साथ ही नेताओं ने उत्तर प्रदेश में कोरोना  महामारी से बचाव के शानदार प्रबंधन की सराहना भी की।  

यह जानकारी राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने दी है। प्रवक्ता के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी के लिए स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, उत्तर प्रदेश के अत्यंत कर्मठ और लोकप्रिय मुख्यमंत्री को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रदेश के विकास और जन कल्याण के लिए वे समर्पित भाव से काम कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेश उत्तरोत्तर प्रगति करे यही कामना है। 
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ओजस्वी वक्ता व कर्मठ व्‍यक्तित्‍व के धनी एवं उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं। प्रभु श्रीराम जी से प्रार्थना है कि आप दीर्घायु हों और सदैव स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें। 
उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश में सुशासन स्थापित किया है। वे सुशासन व विकास के पर्याय हैं। कामना है  कि प्रदेश उनके नेतृत्व में प्रगति के नए आयाम छूए।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, प्रदेश के संगठन महामंत्री सुनील बंसल समेत अन्य नेताओं ने भी उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। बता दें कि मुख्यंत्री योगी के जन्मदिन पर ट्विटर पर हैशटैग के साथ योगी आदित्यनाथ, योगी का सतत विकास, उत्तर प्रदेश, हिन्दू हृदय सम्राट, सीएम आफ यूपी, महाराज जी ट्रेंड करता रहा। वहीं, इस दौरान यूपी बेरोजगार दिवस भी ट्रेंड में रहा। 

error: Content is protected !!