Monday, September 21, 2026
Homeराष्ट्रीयराष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने टोक्यो ओलंपिक में पुरुष हॉकी टीम को...

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने टोक्यो ओलंपिक में पुरुष हॉकी टीम को ऐतिहासिक जीत पर दी बधाई

नई दिल्ली (हि.स.)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर पुरुष हॉकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस जीत से हॉकी में एक नए युग की शुरुआत होगी।

राष्ट्रपति कोविन्द ने ट्वीट कर कहा, हमारी पुरुष हॉकी टीम को 41 साल बाद हॉकी में ओलंपिक पदक जीतने के लिए बधाई। टीम ने जीतने के लिए असाधारण कौशल, लचीलापन और दृढ़ संकल्प दिखाया। यह ऐतिहासिक जीत हॉकी में एक नए युग की शुरुआत करेगी और युवाओं को खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

उपराष्ट्रपति नायडू ने ट्वीट कर कहा, चार दशक बाद, टोक्यो ओलंपिक में पुरुष हॉकी में देश के लिए कांस्य पदक जीतने पर भारतीय हॉकी टीम को हार्दिक बधाई! मुश्किल वैश्विक परिस्थियों में भी आपने कठिन परिश्रम किया, प्रशिक्षण लिया, आपके कुशल और जुझारू खेल पर देश को गौरव है। मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, ऐतिहासिक! एक ऐसा दिन जो हर भारतीय की याद में अंकित होगा। कांस्य पदक जीतने के लिए हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई। इस उपलब्धि के साथ, उन्होंने पूरे देश, खासकर हमारे युवाओं की कल्पना पर कब्जा कर लिया है। भारत को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है।

उल्लेखनीय है कि टोक्यो ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम ने जर्मनी को 5-4 से हराकर 41 साल बाद ओलंपिक में पदक जीता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular