रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज सीतापुर में

सीतापुर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मिशन-2022 के तहत अपनी चुनावी तैयारियों की शुरुआत कर दी है। भाजपा अवध क्षेत्र में अयोध्या एवं सीतापुर को केन्द्र बिंदु मान कर चुनावी तैयारियां कर रही है। उसी क्रम में आज गुरुवार को मिलेट्री मैदान में दोपहर लगभग एक बजे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह अवध क्षेत्र के 15 संगठनात्मक जिलों के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

तीन दिनों से प्रदेश मुख्यालय से लेकर सीतापुर के पार्टी कार्यकर्ता इस सम्मेलन की तैयारियों में जुटे हुए हैं। बुधवार देर शाम अवध क्षेत्र अध्यक्ष शेष नारायण मिश्र, प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य, सीतापुर सांसद राजेश वर्मा ने पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया।

41 हजार दो सौ चौहत्तर बूथ के कार्यकर्ता लेंगे जीत का मंत्र

भाजपा अवध क्षेत्र में संगठनात्मक दृष्टिकोण से यूं तो 15 जिले आते हैं। परंतु प्रशासनिक हिसाब से 13 जिलों के कार्यकर्ता सीतापुर के मिलिट्री मैदान पर राजनाथ सिंह से बूथ जीतने का मंत्र लेंगे। इन जिलों के 36,228 बूथ अध्यक्ष एवं 5046 शक्ति केंद्र संयोजक भी बुलाए गए हैं।

सांसद, विधायक व मंत्री भी रहेंगे कार्यक्रम में मौजूद

बूथ अध्यक्षों के इस सम्मेलन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अलावा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्र, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह, समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री, बाल विकास पुष्टाहार विभाग की मंत्री स्वाति सिंह, पलटू राम, मुकुट बिहारी वर्मा भी शामिल होंगे। इसके अलावा अवध क्षेत्र के सभी सांसद व विधायक भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

सभी तैयारियां पूरी

सीतापुर सांसद राजेश वर्मा एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण हैं। टोल गेट से कार्यक्रम स्थल तक लगभग 10 किलोमीटर के रास्ते को भाजपा के झंडों से सजाया गया है। सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है।

error: Content is protected !!