योगी सरकार ने सभी वर्गों के लिए ऐतिहासिक विकास कार्य किये : सुरेश खन्ना

-जिला प्रभारी मंत्री ने गिनाई योगी सरकार की साढ़े चार साल की उपलब्धियां

गाजियाबाद(हि.स.)। उत्तर प्रदेश योगी सरकार के गठन को रविवार को साढ़े चार साल का समय पूर्ण हो गया। इसके उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री व जिला प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रेस को संबोधित करते हुए योगी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाई।

उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार के साढ़े 4 साल के कार्यकाल में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं, साथ ही कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है। महिला और बाल उत्पीड़न अपराध में काफी कमी आई है। भू-माफियाओं पर शिकंजा भी कसा गया है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद दिल्ली से सटा हुआ शहर है, यहां के विकास को लेकर सरकार का विशेष फोकस रहा है।

उन्होंने प्रमुख उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि गाजियाबाद में 5799.56 लाख रुपए की लागत से मानसरोवर भवन बनाया गया है, जिसका लाभ मानसर कैलाश मानसरोवर यात्रियों को मिल रहा है। साथ ही 40करोड़ की लागत से एयर फोर्स स्टेशन का निर्माण किया गया। 220 लाख रुपए की लागत से स्ट्रीट लाइट आदि को दुरुस्त किया गया। उन्होंने कहा कि 5734.34 लाख की लागत से 60 न्यायिक अधिकारियों के लिए भवनों का निर्माण किया गया।

गाजियाबाद में कुल 295 भू—माफिया ने 263.84 हेक्टेयर भूमि कबजा मुक्त कराई गई। उन्होंने कहा कि योगी सरकार कानून व्यवस्था को व्यवस्थित करने में पूरी तरह से कामयाब रही है। आज किसी अपराधी की हिम्मत नहीं है कि किसी महिला की तरफ आंख उठाकर भी देख ले।

योगी सरकार में सबसे खास बात यह रही है कि बिना किसी भेदभाव के सभी जाति, संप्रदाय के लोगों को सामान लाभ मिला है। प्रदेश में रहने वाले सभी लोगों ने राहत महसूस की है। दावा किया कि विधानसभा चुनाव से पहले जो वायदे जनता के साथ किए गए थे, वह सभी पूरे कर दिए गए हैं। जिनमें किसानों का ऋण माफी सबसे महत्वपूर्ण काम रहा। उन्होंने विकास कार्यों से सम्बंधित बुकलेट भी जारी की।

इस मौके पर लोनी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर, भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, एसएसपी पवन कुमार समेत तमाम अधिकारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!