योगी बोले, कोरोना खत्म होने पर हर गांव के व्यक्ति को अयोध्या में कारसेवा कराएंगे

-दुश्मनों के दांत खट्टे करने वाली तोपें भी बनाएगी वाल्मीकि, तुलसी की तपोस्थली
 चित्रकूट (हि.स.)।  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को भगवान श्रीराम की तपस्थली चित्रकूट में कहा कि कोरोना खत्म होने पर राज्य के हर गांव से लोगों को अयोध्या में कारसेवा कराएंगे। उन्होंने कहा कि श्रीराम की तपस्थली आज नए कदम बढ़ा रही है। जहां किसी प्रकार का कोई भेद भाव नहीं है वहीं राम राज्य है।

 मुख्यमंत्री के रूप में सातवीं बार चित्रकूट और पहली बार महर्षि वाल्मीकि आश्रम पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लालापुर की जनसभा में भारत माता की जय और वंदेमातरम के नारे के साथ अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में 500 साल के बाद अयोध्या में श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण शुरू हो गया है। कोरोना नहीं होता तो हर गांव से एक व्यक्ति अयोध्या जरूर पहुंचता। लेकिन, ऐसा न हो सका। अब कोरोना खत्म होने पर हर गांव से लोगों को अयोध्या में राम मंदिर के लिए कारसेवा कराएंगे । 
योगी ने कहा कि रामायण काल की अति प्राचीन परंपरा के वाहक दो ऋषियों की जयंती है। एक महर्षि वाल्मीकि जी, जिन्होंने भगवान राम से साक्षात्कार कराया। दूसरे राष्ट्रऋषि नानाजी जिन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना दी। मैं दोनों को नमन करता हूं। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि अर्से से यहां आना चाहता था। हजारों साल पहले भगवान राम प्रयागराज आए और महार्षि वाल्मीकि जी से मिलकर चित्रकूट गए थे। मैं स्वयं इस धरती का दर्शन करना चाहता था। महार्षि वाल्मीकि के दर्शन को पूज्य तुलसीदास जी ने रामकथा के रूप में घर घर पहुंचाई। भगवान श्रीराम की तपोस्थली चित्रकूट आज नए कदम बढ़ा रही है। जहां किसी प्रकार का कोई भेद भाव नहीं है वही राम राज्य है।
केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना से घर घर तक व्यवस्था पहुंचाने का काम हो रहा है। हमने बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे दिया। बहुत जल्द चित्रकूट, बांदा में घर घर तक पेयजल पहुंचाएंगे। डिफेंस कारीडोर की योजना पर काम होगा। 
योगी ने कश्मीर का जिक्र करते हुए कहा कि विंग कमांडर अभिनंदन को छोड़ने के दौरान पाकिस्तानी सेना कांप रही थी। योगी ने कहा कि दुश्मन को दांत खट्टे करने वाली तोपें भी चित्रकूट में बनेंगी। तुलसी, वाल्मीकि और राम की तप स्थली के साथ ये जिला दुश्मन के दांत भी खट्टे करने में अपनी भूमिका अदा करेगा।  
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि महार्षि वाल्मीकि हम सब के पूज्य हैं। वाल्मीकि जी ने ही हम सबका भगवान राम से साक्षात्कार कराया। वाल्मीकि रामायण लौकिक भाषा का महाकाव्य है। इसीलिए वाल्मीकि जी आदिकवि कहलाए। दुनिया में राम को पहुंचाने का श्रेय महर्षि वाल्मीकि को जाता है। यतो धर्मः ततो जयः इसलिए धर्म के संरक्षण में जुटें। महर्षि वाल्मीकि आश्रम के सरंक्षण संवर्धन की ठोस कार्ययोजना बनाएं। आधुनिक वाल्मीकि तुलसी जी ने राजापुर में जन्म लेकर रामचरित मानस दिया। कुछ साल पहले धर्म जागरण गुनाह माना जाता था। अब गांव गांव में रामलीला मंचन हो रहा है। 
उन्होंने कहा कि लालापुर और राजापुर को जोड़कर पर्यटन का एक नया स्वरूप विकसित करेंगे। चित्रकूट वायुसेवा से जुड़ेगा। ग्रामीण क्षेत्र को स्वावलंबन की दिशा में ले जाना है। नानाजी के सपने को साकार करना है। उन्होंने आधुनिक भारत में ग्रामीण स्वावलंबन का सपना देखा था। मुख्यमंत्री ने शरद पूर्णिमा का जिक्र करते हुए कहा कि आप सभी इस अवसर पर अपने जीवन को धन्य करें।
योगी आदित्यनाथ अपने कार्यकाल के दौरान सबसे ज्यादा बार चित्रकूट आने वाले पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। आज वह यहां सातवीं बार आए थे। इससे पहले तीन बार रात में रुककर कामदगिरि की परिक्रमा भी लगा चुके हैं। 
 

error: Content is protected !!