Sunday, August 23, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयूपी में सरकार बनाने में वीआईपी पार्टी बड़ी भूमिका निभायेगी : मुकेश...

यूपी में सरकार बनाने में वीआईपी पार्टी बड़ी भूमिका निभायेगी : मुकेश साहनी

जन अधिकार रैली में पार्टी अध्यक्ष ने निषाद समुदाय के लिए मांगा आरक्षण

वाराणसी (हि.स.)। विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) के अध्यक्ष और बिहार सरकार में मंत्री मुकेश साहनी ने गुरूवार को दावा किया कि उनके पार्टी के सहयोग के बिना उत्तर प्रदेश के विधान सभा चुनाव में किसी पार्टी की सरकार नही बन सकती। यहां सरकार बनाने में उनकी पार्टी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुकेश साहनी पार्टी की ओर से रामनगर सूजाबाद में आयोजित आरक्षण जन अधिकार रैली को सम्बोधित कर रहे थे। सभा स्थल पर सीधे हेलीकॉप्टर से पहुंचे मुकेश साहनी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निषाद समुदाय प्रतिशत वोट बैंक के रूप में बड़ी ताकत है। 2022 में प्रदेश में होने वाले चुनाव में उनकी पार्टी 165 सीट पर चुनाव लड़ेगी।

सभा में सजातीय लोगों की उमड़ी भीड़ देख गदगद मुकेश साहनी ने कहा कि दिल्ली व बंगाल में निषाद समाज को आरक्षण मिला है। लेकिन उत्तर प्रदेश,झारखंड और बिहार में आरक्षण नहीं मिला है। पार्टी समाज को आरक्षण दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। रैली में मुकेश ने आरक्षण नहीं तो मिशन 2022 में भाजपा को समर्थन व उससे गठबंधन नहीं होने की बात कही। जोर देकर कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने पूर्व सांसद फूलन देवी की 18 प्रतिमाएं प्रदेश में नहीं लगने दी थी। अब फूलन देवी की 50 हजार प्रतिमाएं उत्तर प्रदेश में लगने के लिए बनकर तैयार हैं। प्रतिमा को निषाद समुदाय घर-घर में लगायेंगे। इन प्रतिमाओं को समाज के बिंद, लोधी और कश्यप सुमदाय के पास भिजवाएंगे। 5 लाख लॉकेट और 10 लाख कैलेंडर भी बंटवाने की योजना है।

मुकेश ने केन्द्र सरकार से मांग किया कि आरक्षण की विसंगति को दूर कर या क्षेत्रीयता समाप्त कर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखण्ड के निषाद-मल्लाह, केवट, बिन्द, धीमर, कश्यप, कहार,गोड़िया, तुराहा,मांझी, रैकवार, राजभर और नोनिया को अनुसूचित जाति का आरक्षण दिया जाय। चुनाव से पूर्व इसके लिए भाजपा सरकार आरक्षण के लिए शासनादेश जारी देती है तो पार्टी समर्थन के लिए तैयार है। रैली को पार्टी के युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष हरिओम निषाद, उपाध्यक्ष हरिशंकर निषाद, वाराणसी जिलाध्यक्ष सुचित कुमार साहनी, जिला प्रधान महासचिव दीपक आर्य आदि ने भी सम्बोधित किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular