Saturday, June 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयूपी में सपा-बसपा और कांग्रेस का भविष्य समाप्त : केशव प्रसाद मौर्या

यूपी में सपा-बसपा और कांग्रेस का भविष्य समाप्त : केशव प्रसाद मौर्या

-2024 में भाजपा 80 में से 80 सीटें जीतेगी

सुलतानपुर (हि.स.)। आने वाला कम से कम 25 साल का समय भाजपा का है और वह कार्यकर्ताओं के दम पर है। उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा और कांग्रेस का भविष्य समाप्त हो गया है। सपा बसपा कांग्रेस भ्रष्टाचार के जनक हैं। विरोधी तिलमिलाते रहें सरकार भ्रष्टाचारियों को नहीं बख्शेगी।हम भ्रष्टाचार व गरीबी मुक्त भारत बनाने के लिए कृत संकल्प हैं।

यह बातें भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उप। मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने गुरुवार को कही। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ आरए वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए श्री मौर्य ने आगे कहा कि कार्यालय पार्टी का मंदिर है और उस मंदिर का भगवान हमारा कार्यकर्ता है। मैं कार्यकर्ताओं का दर्शन करके ही आगे की यात्रा पूरी करूंगा। हम सरकार में संगठन के कारण हैं पहले संगठन बाद में सारे काम।मैं उप मुख्यमंत्री बाद में पहले पार्टी का कार्यकर्ता हूं।

उन्होंने कहा कि सुल्तानपुर से मेरा राजनीतिक नहीं परिवारिक रिश्ता है। मैं जानता हूं सुलतानपुर ने कभी हारना नहीं सीखा है यहां हमेशा कमल खिलता रहा है। श्री मौर्य ने कहा कि अभी निकट भविष्य में नगर निकाय इसके बाद 2024 का निर्णायक चुनाव होगा।इन दोनों चुनाव में हम सरकार के कार्यो व कार्यकर्ताओं के बल पर एक बार फिर जीत का इतिहास रचेंगे।

उन्होंने कहा मोदी भाजपा और कमल का फूल चारों तरफ गूंज रहा है। 2019 में सपा बसपा मिलकर लड़े तो हम 64 जीते और 2024 में हम 80 में से 80 सीटें जीतेंगे। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री के एक आवाह्न पर हर घर तिरंगा लहराया गया और कार्यकर्ताओं ने दिन-रात परिश्रम करके राष्ट्रीय पर्व को ऐतिहासिक बना दिया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा हमारा एक – एक कार्यकर्ता हमारी पूंजी है। हमारे कार्यकर्ता की हर समस्या का समाधान होगा जो जनहित में हैं। मुझे मालूम है भाजपा कार्यकर्ता गलत काम लेकर अधिकारी कर्मचारी के पास नही जाता। अगर भाजपा का कार्यकर्ता जायज काम लेकर अधिकारी कर्मचारी के पास जाए और वह ना सुने तो केशव प्रसाद इसको बर्दाश्त नहीं करता।

उन्होंने कहा कि जो अधिकारी जायज काम पर कार्रवाई नहीं लापरवाही करता है लखनऊ आकर हमें लिखित में बताए कार्यकर्ताओं के हर समस्या का समाधान कराना हमारी जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा। कि गांव से लेकर देश तक भाजपा की सरकार है। हमें पार्टी को मजबूत करने के लिए निरन्तर काम करना है। उन्होंने कहा कि सारे दल एक साथ मिलकर भी लड़े तो भाजपा से मुकाबला नहीं कर सकते।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि नवम्बर-दिसम्बर में होने वाले निकाय चुनाव में जिले की पांच नगर निकाय की सीट कमल के खाते में आना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का जन्मदिन पार्टी सेवा पखवारा के रूप में मनाएगी। हमारी पार्टी के लिए समाज की सेवा ही संगठन का एक सूत्रीय लक्ष्य है।वहीं उन्होंने विपक्षियों पर तंज कसते हुए कहा इनके नेताओं के जन्मदिन पर चढ़ावा चढ़ाया जाता है।उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा शुरू किया है तो दिग्गज कांग्रेसी नेताओं ने कांग्रेस छोड़ो यात्रा शुरू कर दी है।

इसके पूर्व डिप्टी सीएम ने महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मौसम खराब होने की वजह से डिप्टी सीएम स्टाफ कार द्वारा सड़क मार्ग से सुल्तानपुर के लिए रवाना हुए। डिप्टी सीएम का काफिला जब असरोगा टोल प्लाजा पहुंचा तो जिलाध्यक्ष डॉ आरए वर्मा की अगुवाई में भाजपा पदाधिकारियों जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ आरकए वर्मा ने स्वागत भाषण दिया।

कार्यक्रम का संचालन महामंत्री विजय त्रिपाठी ने किया। बैठक में प्रमुख रूप से डॉ एमपी सिंह,संतबख्श सिंह चुन्नू,सुशील त्रिपाठी, गिरीश नारायण सिंह,पूर्व मंत्री ओम प्रकाश पांडे,डॉ सीताशरण त्रिपाठी,पूर्व विधायक अर्जुन सिंह, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह,विधायक सीताराम वर्मा , डाॅ प्रीति प्रकाश,धर्मेंद्र कुमार,अशोक सिंह, अरुण द्विवेदी,बाबी सिंह,जेपी सिंह, डाॅ सुनील विश्वकर्मा,डाबर खान आदि लोग मौजूद रहे।

दयाशंकर

RELATED ARTICLES

Most Popular