Tuesday, May 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयूपी बोर्ड परीक्षा : 126 परीक्षा केन्द्रों पर तैनात रहेंगे 126 स्टेटिक...

यूपी बोर्ड परीक्षा : 126 परीक्षा केन्द्रों पर तैनात रहेंगे 126 स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं 31 सेक्टर मजिस्ट्रेट

मऊ (हि.स.)। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षा के सम्बन्ध में जिलाधिकारी अरूण कुमार ने पुलिस अधीक्षक सुशील घुले के साथ समस्त जोनल, सेक्टर, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं केन्द्र व्यवस्थापकों के साथ सोमवार को नगर के सिकटिया स्थित लिटिल फ्लावर स्कूल में बैठक की। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 126 परीक्षा केन्द्र है। जिसके लिए 126 स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं 31 सेक्टर मजिस्ट्रेट बोर्ड परीक्षा को नकल विहिन एवं सुचितापूर्ण सम्पन्न कराने के लिए तैनात किये गये है। 126 केन्द्र व्यवस्थापकों के अतिरिक्त प्रत्येक केन्द्र पर एक सहायक केन्द्र व्यवस्थापक की भी तैनाती की गयी है।

जिलाधिकारी ने बताया कि पहली बार कक्ष निरीक्षकों की तैनाती ऑनलाइन होगी एवं प्रश्न पत्र खोलने से लेकर पूरी परीक्षा प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सम्पन्न होगी। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर कोविड-19 हेल्प डेस्क की व्यवस्था होगी। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद मऊ संवेदनशील जिलों की सूची में शामिल है एवं शासन के उच्च स्तर से जनपद पर नजर रखी जा रही है। परीक्षा सम्पन्न कराने से सम्बन्धित सभी लोगो को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा जारी निर्देशों का गहनता से अध्ययन कर उसका कड़ाई से अनुपालन कराना सुनिश्चित करें। सभी केन्द्र व्यवस्थापक यह सुनिश्चित कर ले कि परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर लगाये गये कर्मचारियों के अलावा अन्य कोई भी व्यक्ति परीक्षा केन्द्र के अन्दर प्रवेश न कर पाये। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि मुख्य विषयों की परीक्षा के दौरान ज्यादा सजग रहें, क्योंकि इन विषयों की परीक्षा के दौरान नकल करने या कराने की संभावना ज्यादा रहती है। अगर कहीं से कोई शिकायत मिलती है तो सम्बन्धित के खिलाफ कड़ी दण्डनात्मक कार्यवाही की जायेगी।

पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने बताया कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। सभी लोग जिम्मेदारी से अपना काम करें। साथ ही उन्होने सोशल मीडिया के माध्यम से फैलने वाले अफवाहों पर सतर्क रहने को कहा। अगर सोशल मीडिया पर कोई खबर वायरल हो रही हो तो तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचित करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद ने शासन द्वारा जारी बोर्ड परीक्षा हेतु दिशा निर्देशों को वहां पर उपस्थित सभी लोगो को बताया। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी, समस्त जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं सभी केन्द्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।

आनन्द

RELATED ARTICLES

Most Popular