Friday, September 25, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमोदी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर भारत की चमक बढ़ी :...

मोदी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर भारत की चमक बढ़ी : आदित्यनाथ

– मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर मीडिया संवाद कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री

लखनऊ (हि.स.)। केंद्र की मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर सोमवार को होटल ताज में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उपलब्धियां गिनाईं। मुख्यमंत्री ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण पर फोकस करते हुए मोदी सरकार के कार्यों की विस्तृत चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत को वैश्विक स्तर पर सम्मान मिल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की तीन देशों की यात्रा आप सबके सामने है। एक देश के प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी का आगवानी के दौरान पैर छूकर प्रणाम किया। अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा कि मोदी जी आपकी आटोग्राफी लेने की इच्छा होती है।

वर्ष 2014 से पहले जब भारत के लोग दुनिया में जाते थे तो कई परेशानियों से गुजरना होता था। आज लोग सम्मान दे रहे हैं। विश्व के 190 से अधिक देश योग को मान रहे हैं। अटल जी ने कहा था कि हम अपना पड़ोसी नहीं बदल सकते। भारत सबको साथ लेकर चलने में विश्वास करता है, लेकिन कुछ लोग अपनी आदत से बाज नहीं आते। आज भारत की आंतरिक सुरक्षा भी सुदृढ़ हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के 140 करोड़ लोगों के लिए कार्य हो रहा है। एयरपोर्ट, सड़क, एक्सप्रेस-वे से लेकर पब्लिक ट्रांसपोर्ट में अभूतपूर्व परिवर्तन हुआ है। वाराणसी से हल्दिया तक जल मार्ग विकसित हुआ। 70 वर्षों में केवल छह एम्स बने। आज 22 से अधिक एम्स हो गए हैं।

योगी ने कहा कि मोदी सरकार की गरीब कल्याण की भावना भी सबके सामने है। इसमें जाति, मत, मजहब नहीं देखा गया। प्रदेश में साढ़े आठ करोड़ से अधिक जनधन खाते खोले गए। इससे डीबीटी का लाभ आसानी से गरीबों को मिल रहा है। यह भ्रष्टाचार पर बड़ी चोट के रूप में भी है। आज एक क्लिक पर पेंशन का लाभ मिल रहा है। राज्य में इन नौ वर्षों में 54 लाख पीएम आवास योजना का लाभ दिया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले नौ सालों में उत्तर प्रदेश के लिए केंद्र सरकार ने क्या-क्या कार्य किए हैं।

इससे पहले केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने प्रजेंटेशन के माध्यम से केंद्र के कार्यों के बारे में बताया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक ने भी मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

दिलीप शुक्ल/पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular