Saturday, September 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेश मेरठ में जानलेवा बन रही दूषित पानी की सप्लाई

 मेरठ में जानलेवा बन रही दूषित पानी की सप्लाई

मेरठ (हि.स.)। जनपद के सरधना में दूषित पानी की सप्लाई लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है।

दूषित पानी से बीमार हुए पांच लोगों की अब तक मौत हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सर्वे करके लोगों को दवाई दे रही हैं। प्रभावित क्षेत्र में टैंकरों के जरिए पानी की सप्लाई की जा रही है।

सरधना के मंडी चमारान मोहल्ले में दूषित पेयजल पीने से बीमारों की संख्या 278 पहुंच गई है। इनमें से दो बच्चों समेत अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। नगर पालिका परिषद ने पुरानी पाइप लाइन को बंद करके प्रभावित क्षेत्र में टैंकरों से पानी की सप्लाई कराई हुई है। एसडीएम सरधना सत्यप्रकाश लगातार पूरे मामले पर नजर रखे हुए हैं और साफ पानी की सप्लाई करा रहे हैं।

दूषित पेयजल के कारण हुए बीमार

मंडी चमारान मोहल्ले में कुछ दिन पहले दूषित पानी की सप्लाई से लोगों के बीमार होने का सिलसिला शुरू हुआ था। एकाएक लोगों के बीमार होने पर जिलाधिकारी दीपक मीणा ने अधिकारियों के साथ हालात का जायजा लिया था। इसके बाद उन्होंने पेयजल नमूनों को जांच के लिए भेजा था। पुरानी पाइप लाइन को बंद कराकर नई पेयजल पाइप लाइन बिछाने के निर्देश दिए थे। सरधना सीएचसी समेत आसपास के अस्पतालों और मेरठ के मेडिकल कॉलेज में भी बीमार लोगों को भर्ती कराया गया है। सीएचसी प्रभारी डॉ. सचिन कुमार का कहना है कि अब तक 278 लोग बीमार हुए हैं। नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी शशि प्रभा चौधरी के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों ने पूरे मोहल्ले में साफ-सफाई की है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश मोहन का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर सर्वे कर रही है। बीमार लोगों को दवाई दी जा रही है। सरधना सीएचसी के स्वास्थ्य अधिकारी लगातार हालात पर निगाह रखे हुए हैं।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular