Friday, April 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमुख्यमंत्री योगी सोमवार को पहुंच रहे दिल्ली

मुख्यमंत्री योगी सोमवार को पहुंच रहे दिल्ली

-उप्र के नये अध्यक्ष को लेकर दिल्ली में भाजपा की बैठक !

– यूपी भाजपा के अन्य नेताओं की केन्द्रीय नेतृत्व से हो सकती है मुलाकात

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को दिल्ली दौरे पर पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत अन्य केन्द्रीय नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। वहीं उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के नये चेहरे पर दिल्ली में होने वाली महत्वपूर्ण बैठक में भी वह शामिल हो सकते हैं। इससे पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री व यूपी भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह की दिल्ली में केन्द्रीय नेताओं से मुलाकात हो चुकी है।

स्वतंत्रदेव सिंह के योगी मंत्रिमण्डल में शामिल होने के बाद उप्र भाजपा अध्यक्ष पद के लिए संगठन को नये चेहरे की तलाश है। पार्टी संगठन से जुड़े अनुभवी नेताओं में से किसी एक को यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। 2024 के लोकसभा के लिहाज से उप्र बेहद महत्वपूर्ण राज्य है। 80 लोकसभा सीटों वाले इस राज्य में भाजपा ने अभी से 75 से अधिक सीटों पर जीत का नारा दिया है। इससे पहले उप्र के इतिहास में भाजपा ने 2014 के लोकसभा चुनाव में सबसे अधिक 73 सीटें जीत चुकी है। इसमें दो सीटें भाजपा गठबंधन के पास थीं। अब एक बार फिर भाजपा ने अपने ही रिकार्ड को तोड़ने के लिए नया लक्ष्य रखा है। उसी हिसाब से पार्टी ने रणनीति बनानी शुरू कर दी है। भाजपा को सबसे पहले उप्र में अपने अगुआ की तलाश है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार की दोपहर दिल्ली पहुंच रहे हैं।

दिलीप शुक्ला

RELATED ARTICLES

Most Popular