मुख्यमंत्री योगी ने मेजर ध्यानचंद की जयंती पर नवोदित खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं

-विस अध्यक्ष हृदय नारायण ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर हाॅकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को किया नमन

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य नेताओं ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर हाॅकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को याद किया है। उन्होंने नवोदित खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दी हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ट्वीट किया कि ने ‘हॉकी के जादूगर’ पद्म भूषण मेजर ध्यानचंद की गौरवपूर्ण स्मृति को समर्पित ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ के अवसर पर खेल की विभिन्न विधाओं में वैश्विक मंचों पर भारत की गरिमा वृद्धि करने वाले सभी खिलाड़ियों के प्रति सादर कृतज्ञता ज्ञापन। नवोदित खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।
विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने ट्वीट किया कि राष्ट्रीय खेल दिवस पर हाॅकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को नमन। तीन ओलम्पिक स्वर्ण पदक सहित अनेकों उपलब्धियां अर्जित कर उन्होंने देश का मान बढ़ाया।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया कि ओलंपिक खेलों में भारत को तीन बार स्वर्ण पदक दिलवाने वाले एवं भारतीय हॉकी को पहचान दिलाने वाले ‘हॉकी के जादूगर’ पद्मभूषित मेजर ध्यानचंद सिंह की जयंती पर उन्‍हें शत् शत् नमन। “राष्ट्रीय खेल दिवस” की समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल और युवा मामले और पंचायती राज उपेन्द्र तिवारी ने ट्वीट किया कि हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उन्हें सादर प्रणाम एवं देश के ऊर्जावान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र ​देव सिंह ने ट्वीट किया कि आप सभी को राष्ट्रीय खेल दिवस की हार्दिक शुभकामनायें। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद की जयंती पर शत-शत नमन।
समाजवादी पार्टी की ओर से कहा गया कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर शत-शत नमन एवं भावभीनी श्रद्धांजलि! सपा सरकार में उनके गृह नगर झांसी के ध्यानचंद स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ फील्ड बिछी। उनके सुपुत्र ओलंपियन अशोक कुमार को यश भारती सम्मान मिला। सपा ‘दद्दा’ को भारतरत्न देने की मांग पुनः दोहराती है।
हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर हर साल खेल दिवस मनाया जाता है। ध्यानचंद का जन्म 29 अगस्त 1905 को इलाहाबाद शहर में था। ध्यानचंद की गिनती विश्व के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में होती है। मेजर ध्यानचंद ने भारत को ओलम्पिक में 3 स्वर्ण पदक दिलवाए थे। उन्होंने एम्सटर्डम में हुए ओलम्पिक खेलों में भारत की ओर से सबसे ज्यादा 14 गोल किए थे। उन्होंने भारत को 3 ओलम्पिक खेलों में गोल्ड दिलाया था। ध्यानचंद ने अपने हॉकी करियर में 1,000 से अधिक गोल किए थे। 

error: Content is protected !!