Thursday, April 23, 2026
Homeउत्तर प्रदेश मीरजापुर : चार सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ रहा गंगा जलस्तर,...

 मीरजापुर : चार सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ रहा गंगा जलस्तर, प्रशासन अलर्ट

– 69 मीटर के करीब पहुंचा जलस्तर, चेतावनी बिंदु 76.72 मीटर

मीरजापुर (हि.स.)। मीरजापुर में गुरुवार को सुबह आठ बजे तक गंगा का जलस्तर 68.750 मीटर पहुंच गया। जबकि एक दिन पूर्व गंगा जलस्तर 68.130 मीटर था। देर रात चार सेंटीमीटर प्रतिघंटे की दर से गंगा का जलस्तर बढ़ने लगा था। तटवर्ती इलाके में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने के साथ बाढ़ से संबंधित सूचना बाढ़ चौकी को देने की अपील की गई है, ताकि समय रहते सुरक्षा के साथ राहत पहुंचाई जा सके।

उत्तर प्रदेश में कम बारिश होने के बावजूद लगातार गंगा जलस्तर बढ़ रहा है। मीरजापुर में चार सेंटीमीटर प्रतिघंटे से जलस्तर बढ़ रहा है। जबकि यहां बहुत ही कम बारिश हुई है। पानी बढ़ने के पीछे दूसरे प्रांतों में आई बाढ़ का कारण बताया जा रहा है।

प्रशासन की मानें तो यमुना नदी ऊफान पर है। वहीं उत्तराखंड में अधिक वर्षा हुई है। दोनों स्थानों का पानी अब गंगा में छोड़ा जा रहा है, जिससे उत्तर प्रदेश के जिले से गुजरी गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बताया गया कि आने वाले दिनों में और अधिक पानी बढ़ेगा, क्योंकि अभी भी दूसरे प्रांतों में वर्षा जारी है। संभावित बाढ़ के दृष्टिगत प्रशासन ने सभी को अलर्ट कर दिया है।

कमलेश्वर शरण/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular