Tuesday, April 21, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमिशन महिला शक्ति किस ग्रह पर चल रहा, किसी को पता नहीं:...

मिशन महिला शक्ति किस ग्रह पर चल रहा, किसी को पता नहीं: अजय लल्लू

लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने राज्य की योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वह महिला सुरक्षा, बलात्कार, हत्या, अपराध की रोकथाम में पूरी तरह विफल साबित हुई है, उसका मिशन महिला शक्ति किस ग्रह पर चल रहा है किसी को पता नहीं है। 

उन्होंने सोमवार को कहा कि आज भदोही में छह वर्षीय बालिका की गला रेतकर अपराधियों द्वारा हत्या कर दी गयी। बस्ती में दलित बच्ची का अपहरण, बलात्कार के बाद हत्या की घटना ​हुई। बेटी के अपहरण के बाद चार दिन तक परिजन पुलिस थाने के चक्कर लगाते रहे और पुलिस घटना की अनसुनी करती रही, जिसके फलस्वरूप अपराधियों ने बेटी के साथ दरिंदगी पूर्ण कृत्य कर उसे दुनिया से अलविदा कर दिया। 
उन्होंने कहा कि गोण्डा में छेड़खानी की घिनौनी घटना व पुलिस द्वारा रिपोर्ट न दर्ज करने के कारण बेटी ने आत्महत्या कर ली। शाहजहांपुर में मासूम बेटी के साथ बलात्कार हो जाता है, योगी जी की पुलिस कुछ नहीं कर पाती। अपराध का सिलसिला यहीं नहीं थमा बल्कि बुलंदशहर में पहले ही छेड़छाड़ से तंग आकर एक बेटी ने जहर खाकर जान दे दी थी अपराधियों ने बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने वाले उसके भाई की घर का दरवाजा खुलवाकर गोली मारकर हत्या कर दी।
अजय कुमार लल्लू ने कहा कि प्रदेश में चारों तरफ अपराधियों का आतंक व्याप्त है। दुरुस्त कानून व्यवस्था का ढिंढोरा पीटने वाले योगी जी बताएं कि जब उनकी नजरों में कानून व्यवस्था दुरुस्त चाक चौबंद है तो क्या यह घटनाएं किसी अन्य ग्रह पर हो रही हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हाल फिलहाल न केवल शाहजहांपुर, गोण्डा और बस्ती से दुष्कर्म की दिल दहलाने वाली घटनाएं सामने आयी हैं आए दिन प्रदेश के कोने-कोने में दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं ऐसा प्रतीत होता है कि उप्र ‘रेप प्रदेश’ बन चुका है। बस्ती, गोण्डा और शाहजहांपुर में मासूमों के साथ दीपावली के पवित्र त्यौहार के दौरान हुई घटनाएं मानवता को शर्मसार करने वाली हैं। योगी सरकार के लिए ये घटनाएं शर्मनाक हैं।
उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा के नाम करोड़ों का विज्ञापन खर्च कर मिशन शक्ति की शुरुआत के साथ बड़े बड़े दावे करने वाली सरकार के राज में बेटियों और महिलाओं पर होने वाले अपराधों में बाढ़ आयी हुई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular