-बरसात ने लिया नगर निगम के नाला सफाई अभियान का इम्तिहान
– गुरुवार सुबह से दोपहर तक कई टुकड़ों में 44 मिमी बारिश दर्ज की गई
मुरादाबाद (हि.स.)। गुरूवार को तड़के से दोपहर तक हुई मानसून की पहली बारिश ने नगर निगम द्वारा की गई नाला सफाई का कड़ा इम्तिहान ले लिया। बारिश से शहरी इलाकों में पानी भर गया। इसी के साथ सड़कों के साथ गली-कूचों में पानी भर गया। एमडीए की विभिन्न कालोनियों और कई मोहल्लों में जल भराव से लोगों को तमाम दुश्वारियों का सामना करना पड़ा।
दो दिन पहले से तेज हवा चलनी शुरू हो गई थी। गुरुवार को सुबह करीब 4 बजे मौसम ने करवट बदल ली और पल भर में तेज बारिश शुरू हो गई। राजकीय कन्या इंटर कालेज में बनी मौसम प्रयोगशाला के प्रभारी निसार अहमद ने बताया कि गुरुवार सुबह से दोपहर तक कई टुकड़ों में 44 मिमी बारिश दर्ज की गई। उन्होंने आगे बताया कि अभी अगले तीन चार दिन बारिश रहेगी, जिससें गर्मी से लोगों को काफी राहत मिलेगी।
गुरुवार को सुबह से दोपहर तक लगातार हुई बारिश ने महानगर लोगों को मुश्किल में डाल दिया। निचले इलाकों के अलावा पॉश कालोनियां पानी में डूब गई। महानगर के बुध बाजार, जीएमडी रोड, ताड़ीखाना, कंजरी सराय, रेती मोहल्ला, चौमुखापुल पीरगैब, मालवीय नगर, कटघर, झब्बू का नाला, रेती स्ट्रीट, न्यारियान, नागफनी, कटघर में इन्द्रा काॅलोनी, खोकरान आदि तमाम इलाकों के अलावा एमडीए की रामगंगा विहार काॅलोनी, दीन दयाल नगर, आशियाना आदि काॅलोनियों में जल भराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नाला सफाई में कोताही से कई सड़कें पानी से लबालब भर गई।
निमित जायसवाल
