Saturday, June 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमाघ मेले को लेकर 24 दिन बंद रहेंगी कानपुर की टेनरियां

माघ मेले को लेकर 24 दिन बंद रहेंगी कानपुर की टेनरियां

-सभी प्रमुख स्नानों में चार चार दिन के लिए होगी बंदी

कानपुर (हि.स.)। प्रयागराज में चल रहे माघ मेले में जनवरी और फरवरी में छह प्रमुख स्नान होते हैं और देशभर के कोने-कोने से श्रद्धालु आते हैं। श्रद्धालुओं को संगम में निर्मल पानी मिल सके, इसे लेकर शासन ने 24 दिन के लिए कानपुर की टेनरियों को बंद करने का निर्देश दिया है। निर्देश के अनुसार हर प्रमुख स्नान पर चार चार दिन के लिए कानपुर की टेनरियां बंद रहेंगी।

प्रयागराज का माघ मेला हिन्दुओं के लिए आस्था का केन्द्र है और दूर दराज से लोग माघ मेला में संगम स्नान करने आते हैं। लाखों लोग वहां पर टेंट पर रहकर तपस्या करते हैं और रोज संगम स्नान करते हैं। माघ मेला में छह प्रमुख स्नान होते हैं जो जनवरी और फरवरी माह तक चलता है। इन स्नानों को लेकर शासन ने निर्देश दिया है कि कानपुर की टेनरियां इन दो माह में अलग-अलग स्नानों पर 24 दिन के लिए बंद रखी जायें। यानी एक स्नान के लिए चार दिन टेनरियां बंद रहेंगी।

क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी अमित मिश्रा ने मंगलवार को बताया कि सिंचाई विभाग के अनुसार कानपुर से प्रयागराज तीन दिन में गंगा का पानी पहुंच जाता है। इसे लेकर पहले स्नान पौष पूर्णिमा को देखते हुए तीन से लेकर छह जनवरी तक कानपुर की करीब दो सौ से अधिक टेनरियां बंद रहेंगी। इसके बाद मकर संक्रांति पर्व को लेकर 11 से 14 या 15, मौनी अमावस्या पर्व को लेकर 18 से 21 और वसंत पंचमी को लेकर 23 से 26 जनवरी तक टेनरियों को बंद रखने के निर्देश हैं। इसके साथ ही फरवरी में माघी पूर्णिमा के चलते दो से पांच और महाशिवरात्रि के चलते 15 से 18 तक टेनरियों को बंद रखा जाएगा।

अजय सिंह

RELATED ARTICLES

Most Popular