महापौर सुषमा खर्कवाल ने ली शपथ,कहा देश का बेहतरीन शहर बनेगा लखनऊ

नगर आयुक्त ने सुषमा खर्कवाल को सौंपी गदा

लखनऊ (हि.स.)। लखनऊ की नवनिर्वाचित महापौर सुषमा खर्कवाल और सभी पार्षदों ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जूपिटर हाल सभागार में महापौर पद की शपथ ली। लखनऊ की मण्डलायुक्त रोशन जैकब ने पहले सुषमा खर्कवाल को महापौर पद की शपथ दिलाई। इसके बाद महापौर सुषमा खर्कवाल ने गाउन पहनकर लखनऊ नगर निगम के निर्वाचित सभी 110 पार्षदों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह ने महापौर को गदा सौंपी।

शपथ ग्रहण समारोह में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक,संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना,पूर्व उपमुख्यमंत्री डा.दिनेश शर्मा और पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया मंचासीन रहीं।

इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने लखनऊवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हम लखनऊ को देश का नंबर एक शहर बनायेंगे। महापौर ने शपथ ग्रहण के बाद लखनऊवासियों से लखनऊ को साफ सुथरा रखने और प्रदूषण रहित बनाने की अपील की। उन्होंने स्वच्छ लखनऊ,सिंगल यूज प्लास्टिक नहीं, स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन और स्वस्थ लखनऊ बनाने का संकल्प लिया।

सुषमा खर्कवाल ने कहा कि वैसे तो मैं तीन दशक से लखनऊ को देख रही हूं। लखनऊ की जनता का आशीर्वाद हमेशा भारतीय जनता पार्टी के साथ ही रहा है। एक समय ऐसा भी आया जब लखनऊ यानि अटल जी और अटल जी यानि लखनऊ दोनों पर्याय हो गये थे। महापौर ने कहा कि अटल जी ने लखनऊ के विकास को जो पौधा रोपा था, वह वट वृक्ष बन गया है। इस विकास की गति को ट्रिपल इंजन की सरकार से और अधिक गति मिलेगी।

नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री डाॅ. महेन्द्र सिंह,पूर्व मंत्री आशुतोष टण्डन,विधायक डाॅ.नीरज बोरा,महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

बृजनन्दन/सियाराम

error: Content is protected !!