Saturday, June 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमहंगाई के विरोध में कांग्रेस ने निकाली पदयात्रा, सरकार पर साधा निशाना

महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने निकाली पदयात्रा, सरकार पर साधा निशाना

वाराणसी (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के आह्वान पर शनिवार को महानगर के कार्यकर्ताओं ने शहर दक्षिणी विधानसभा के दशाश्वमेध स्थित चितरंजन पार्क से पदयात्रा निकाली। पदयात्रा की शुरूआत महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी चितरंजन दास की प्रतिमा पर माल्यापर्ण से हुआ।

भाजपा भगाओं, महंगाई हटाओ पदयात्रा गोदौलिया, बड़ा महादेव, घुघरानी गली,हड़हा, बेनिया, पानदरीबा, सरायगोवर्धन,चेतगंज, गोला दीनानाथ होते हुए मैदागिन चौराहे पर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा के पास पहुंच कर समाप्त हुई।

यात्रा में शामिल महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने बताया कि किसानों के समर्थन और पार्टी नेता राहुल गांधी के सम्मान में पदयात्रा को समर्पित किया गया। उन्होंने बताया कि पदयात्रा पूरे प्रदेश में विधानसभा स्तर पर निकल रही है। प्रदेश व देश में बिजली से लेकर पढ़ाई,दवाई ,पेट्रोल,डीजल,रोजमर्रा की वस्तुएं, खाद,बीज में अत्यधिक मूल्य वृद्धि सरकार के चरित्र को उजागर करती है। महंगाई ने लोगों को मजबूर कर दिया है।

सन 2022 में बदलाव निश्चित होगा। पूरे प्रदेश में असंतोष का माहौल है, जनता इस सरकार से ऊब चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा को अपने कामों व कर्मो पर भरोसा नही हैं। तभी वह धर्म के पर्दे में अपने आप को छुपा रही हैं। किसानों के लगभग एक वर्ष चले आन्दोलन के दबाव में सरकार झुकी व तीनों कृषि बिल वापस हुआ। ये किसानों की जीत व पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के सराहनीय योगदान का नतीजा है।

पदयात्रा के समापन के बाद कार्यकर्ताओं ने आंदोलन में शहीद किसानों को भावभीनी श्रद्धांजलि भी दी। पदयात्रा में फ़साहत हुसैन बाबू,मनीष मोरोलीय, गणेश शंकर पाण्डेय, सीताराम केशरी, डॉ राजेश गुप्ता, मोनाजिर भाई मंजू, पूनम कुंडु, ओमप्रकाश ओझा, तुफैल अंसारी, वीरेन्द्र कपूर, तरंग सेठ, विपिन मेहता आदि शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular