Wednesday, June 24, 2026
Homeराष्ट्रीय मथुरा में अवैध हथियार फैक्टरी का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

 मथुरा में अवैध हथियार फैक्टरी का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

मथुरा(हि.स.)। जिले की जैंत थाना पुलिस ने ग्राम धौरेरा के जंगल में अवैध हथियार फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में निर्मित और अर्धनिर्मित हथियार बरामद किए हैं। इस दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें से एक शख्स पुलिस की गोली से घायल हो गया है।

जैंत थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण पंवार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम धौरेरा के जंगल में अवैध हथियार फैक्टरी संचालित हो रही है। इसके बाद पुलिस और एसओजी की टीम ने फैक्टरी को चारों तरफ से घेर लिया, लेकिन उधर से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोंदा आटस निवासी अकरम पैर में गोली लगने से घायल हो गया। इस दौरान पुलिस ने घायल अकरम और भोला एवं नीरज को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद संचालित फैक्टरी से 10-15 निर्मित और अर्धनिर्मित तमंजे 315 बोर मय लगभग 15-20 अदद जिंदा एवं 15-20 अदद खोखा कारतूस .315 बोर और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।

एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय के मुताबिक वृंदावन के नजदीक धौरेरा गांव के जंगल में संचालित की जा रही अवैध हथियार फैक्टरी का भंडाफोड़ किया गया है। इसका संचालन अकरम, भोला और नीरज मिलकर कर रहे थे। गुप्त सूचना के बाद एसओजी और थाना जैंत पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। घायल अकरम को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। वहीं भोला और नीरज को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular