मथुरा(हि.स.)। आंशिक लॉकडाउन के दौरान अपराधियों ने कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए नौहझील कस्बे में होम आईसोलेशन में चल रहे व्यापारी परिवार को बंधक बनाकर बदमाशों ने तमंचे की नोंक पर पांच लाख के करीब नगदी व जेवर लूट लिये। दहशत से घबराए व्यापारी ने शनिवार सुबह नौहझील पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना व कस्बा नौहझील के युवा व्यापारी मनोज अग्रवाल पुत्र स्व. रामभान अग्रवाल के मथुरा रोड स्थित दुकान के ऊपर पर बने मकान पर बाउन्ड्री पार कर शनिवार तड़के ढाई बजे चार बदमाशों ने घर में प्रवेश किया। उसके बाद मनोज की माँ पर तमंचा तानकर सोने की चेन आदि कब्जे में करने के बाद दूसरे कमरे में सो रहे मनोज अग्रवाल पत्नी नीतू, उनकी विवाहित बहन सीमा के पास पहुंचे और तमंचे की नौंक पर सोने-चांदी के आभूषण आदि को कब्जे में कर अलमारियों में रखे गहने नगदी को लूटने के बाद शोर मचाने पर गोली से उड़ाने की धमकी देकर पांच लाख से अधिक की सम्पत्ति लूटकर ले गये। लूटपाट के दौरान बदमाशों की धमकी से मनोज अग्रवाल की बहन सीमा को दौरा पड़ जाने पर बदमाशों के पैर उखड़ गये और वह भाग खड़े हुए।
सीमा की हालत बिगड़ने पर परिजन उसकी तीमारदारी में जुट गये, बल्कि दहशत के चलते पुलिस को भी सूचना ना दे सके। शनिवार सुबह होने पर मनोज अग्रवाल ने बड़े भाई पवन अग्रवाल हाल निवासी राधापुरम स्टेट मथुरा को लूट की सूचना दी। इस पर पवन अग्रवाल ने नजदीकी लोगों द्वारा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामला दर्ज कर लिया है तथा बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
एक मई को कोरोना से इसी परिवार में हुई मौत, दूसरा कहर बदमाशों ने बरपाया
गौरतलब हो कि पवन अग्रवाल जो मथुरा में नमक-ड्राईफू्रट आदि के थोक व्यापारी हैं। उनका भाई मनोज अग्रवाल के पिता रामभान अग्रवाल का गत 1 मई 2021 को कोरोना महामारी के दौरान मौत हो गई थी। जिससे पूरा परिवार सदमे में था और घर पर ही होम आईसोलेशन चल रहा था, एक माह पूर्ण होने से पहले ही दूसरा कहर बदमाशों ने बरपा दिया।
