मऊ (हि.स.)। जिले के परदहा ब्लॉक स्थित गौशाला में 14 पशुओं की मौत का मामला सामने आया है। इसकी मुख्य वजह गौसाला में भूसा और चारा की कमी है। मामले को संज्ञान में लेते हुए जिला खंड विकास अधिकारी व मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच की। गौशाला में कुल 283 पशु रखे गए थे, जिसमें से 14 की मौत हुई है और अन्य के बारे में जांच चल रही है।
बृहद गौशाला का निर्माण लगभग सवा करोड़ की लागत से हुआ था। बिजली के लिए इसमें सौर ऊर्जा के माध्यम से रोशनी का प्रबंध किया गया था। गौशाला को संचालन व देखभाल करने के लिए एक एनजीओ सुदेश्वरी देवी मेमोरियल सोसायटी को जिला प्रशासन ने जिम्मेदारी सौंपी थी।
बुधवार को इस मामले में मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा ने बताया कि गौशाला को संचालित करने के लिए एक एनजीओ को अनुबंध के तहत दिया गया था। गौशाला में 14 गायों की मृत्यु हुई है। मौके पर अधिकारियों को भेजकर जांच करवाया गया, जिसमें पाया कि एनजीओ की ओर पशुओं के खाने के लिए भूसा और चारा नहीं दिया गया।
एनजीओ के मालकिन के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करवाया गया है और जांच टीम गठित की गई है जो बुधवार की शाम तक पूरा रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपेगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लायी जायेगी।
वेद नारायण
