Monday, June 29, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलमंत्री एके शर्मा ने स्वच्छता का संकल्प दिलाकर कहा, 'उत्साह में नहीं...

मंत्री एके शर्मा ने स्वच्छता का संकल्प दिलाकर कहा, ‘उत्साह में नहीं आनी चाहिए कमी’

– नगर विकास मंत्री ने कहा, पांच संकल्प के साथ प्रदेश में सफाई अभियान को बढ़ाना है आगे

लखनऊ (हि.स.)। लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए ‘इंडियन स्वच्छता लीग’ का आयोजन किया गया। 1090 चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा मौजूद रहे।

लालबाग चौराहे तक पहुंचने वाली रैली में मुख्य अतिथि एके शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के बाद यह पहला मौका है कि इतनी बड़ी संख्या में स्वच्छता के प्रति चलाए जा रहे आंदोलन में सभी लोग भागीदारी कर रहे हैं। उन्होंने स्वच्छता का संकल्प दिलाते हुए कहा कि प्रदेश को स्वच्छ बनाने के इस उत्साह में कमी नहीं होनी चाहिए।

नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के जन्मदिन को प्रदेश सरकार 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा के रूप में मना रही है। इसी क्रम में प्रदेश के सभी शहरों व कस्बों को साफ सुथरा एवं स्वच्छ बनाने के लिए सभी नगरीय निकायों में सेवा पखवाड़ा को स्वच्छता पखवाड़ा के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सभी निकाय अधिकारियों को पंचामृत के लक्ष्य के साथ शहरों को स्वच्छ बनाने का संकल्प दिलाया गया था।

नगर विकास मंत्री ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपनों का देश हम सभी को मिलकर बनाना है। इसको साफ-सुथरा व स्वच्छ बनाने का हम सभी संकल्प लें, जहां कहीं भी गंदगी दिखे, हमें स्वयं भी इसे साफ करने का प्रयास करना चाहिए, तभी हमारा प्रदेश राज्य की राजधानी लखनऊ स्वच्छता के मामले में नंबर एक पायदान पर होगा। लखनऊ शहर देश में स्वच्छता के मामले में अभी 12वें स्थान पर है। उन्होंने इस मौके पर निकाय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शहरों व कस्बों के सभी गारवेज प्वॉइंट को हटाना है। लखनऊ शहर में अभी भी लगभग 110 गार्बेज प्वाॅइंट हैं।

कार्यक्रम में महापौर लखनऊ संयुक्ता भाटिया, नगर आयुक्त, लखनऊ इंद्रजीत सिंह के साथ नगर निगम एवं जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।

उपेन्द्र

RELATED ARTICLES

Most Popular