Sunday, July 26, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलभारत-पाकिस्तान युद्ध-1971 विजय की 50वीं वर्षगांठ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी हुए शामिल,...

भारत-पाकिस्तान युद्ध-1971 विजय की 50वीं वर्षगांठ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी हुए शामिल, दी श्रद्धांजलि

लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को लखनऊ छावनी में भारत-पाकिस्तान युद्ध-1971 विजय की 50वीं वर्षगांठ कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने सूर्या कमान युद्ध स्मारक ‘स्मृतिका’ पर श्रद्धांजलि अर्पित की। 

सूर्या कमान ने 1971 के युद्ध में भारतीय सशस्त्र बलों की जीत के उपलक्ष्य में गुरुवार को लखनऊ छावनी में सूर्या कमान युद्ध स्मारक ‘स्मृतिका’ में एक सिम्फनी बैंड कॉन्सर्ट का आयोजन किया। यह आयोजन ‘विजय मशाल’ को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित किया गया था। इस ‘विजय मशाल’ को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 16 दिसम्बर 2020 को नई दिल्ली में प्रज्वलित किया था। वर्तमान में यह ‘विजय मशाल’ लखनऊ में है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सूर्या कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल आईएस घुमन और अन्य वरिष्ठ सिविल और सैन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी सूर्या कमान युद्ध स्मारक ‘स्मृतिका’ पर श्रद्धांजलि अर्पित की। 
मध्य कमान के प्रवक्ता के मुताबिक 15 फरवरी को लखनऊ पहुंची यह ‘विजय मशाल’ आने वाले दिनों में सूर्या कमान परिक्षेत्र के विभिन्न स्थानों का दौरा करेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular