Tuesday, September 15, 2026
Homeखेल भारत ने अर्जेंटीना के खिलाफ 2-1 की जीत के साथ एफआईएच हॉकी...

 भारत ने अर्जेंटीना के खिलाफ 2-1 की जीत के साथ एफआईएच हॉकी प्रो लीग अभियान का किया समापन

आइंडहोवन(हि.स.)। मेजबान नीदरलैंड से 2-3 की दिल तोड़ने वाली हार के बाद, भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने बेहतरीन वापसी करते हुए यहां अर्जेंटीना को 2-1 से हराकर जीत के साथ एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2022-23 अभियान का समापन किया।

इस जीत के साथ भारत अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर कायम है। मैच में भारत के लिए आकाशदीप सिंह (2′) और सुखजीत सिंह (14′) ने गोल किया, जबकि लुकास टोस्कानी (58′) ने अर्जेंटीना के लिए एकमात्र गोल किया।

अनुभवी स्ट्राइकर आकाशदीप सिंह ने मैच के दूसरे मिनट में ही गोल कर भारतीय टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।

अगले कुछ मिनटों में भारत ने आक्रमण रूख अख्तियार किया, जिसका फायदा भी भारतीय टीम को मिला, जब सुखजीत ने बेहतरीन मैदानी गोल कर भारत को 2-0 से आगे कर दिया।

भारतीय टीम ने पहले ही क्वार्टर में 2-0 की बढ़त ले ली। इसके बाद अर्जेंटीना ने वापसी की काफी कोशिश की, लेकिन वे भारतीय डिफेंस को भेद नहीं पाए। हालांकि मैच खत्म होने से दो मिनट पहले लुकास टोस्कानी ने अर्जेंटीना के लिए गोल किया और स्कोर 2-1 हो गया और अंत में यही स्कोर निर्णायक साबित हुआ। इस जीत के साथ ही भारत ने इस सत्र में अपने अभियान का अंत 30 अंकों के साथ किया।

सुनील

RELATED ARTICLES

Most Popular