– अखिलेश और जयन्त ने संयुक्त प्रेसवार्ता को किया सम्बोधित
गाजियाबाद (हि.स.)। विधानसभा चुनाव में जीत सुनश्चित करने के लिए सपा-रालोद गठबंधन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी को लेकर शनिवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और रालोद अध्यक्ष जयन्त चौधरी ने संयुक्त प्रेसवार्ता को सम्बोधित किया। दोनों नेताओं ने कहा कि भाजपा हारे हुए पहलवान की तरह हो गयी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव में भाजपा सरकार का जाना तय है।
अखिलेश ने कहा कि समाजवादियों के साथ अम्बेडकरवादियों ने भी इस सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनने के बाद किसानों, मजदूरों, गरीबों और आम आदमी के हितों के लिए काम करेगी। अखिलेश ने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि वह हारे हुए पहलवान हैं। उनके संगठन ने ही उनको टिकट के लिए तरसा दिया। काफी भटकाने के बाद उन्हें गोरखपुर ही भेज दिया। आपराधिक छवि के लोगों को टिकट को लेकर किए गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उनका कोई प्रत्याशी अपराधी नहीं है। यदि किसी के खिलाफ आपराधिक मामला है भी तो वह सरकार द्वारा ही दर्ज किया गया है।
कहा कि भाजपा को पहले अपनी सूची देखनी चाहिए, जिसमें मुख्यमंत्री से लेकर उप मुख्यमंत्री तक के खिलाफ आपराधिक मुकदमें दर्ज हैं। अखिलेश ने दावा किया कि भाजपा की सूची में कई आपराधिक छवि वालों के नाम हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर 15 दिन के भीतर गन्ना किसानों का भुगतान किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो किसानों के लिए अलग से फंड बनाया जाएगा। गाजियाबाद में मेट्रो,एलिवेटेड रोड जैसे प्रोजेक्ट सपा ही लेकर आई थी। अब सरकार बनने पर गाजियाबाद, हापुड़ अन्य आसपास के जिलों का समुचित विकास किया जाएगा और लोगों को चिकित्सा, स्वास्थ एवं अन्य सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी।
जयन्त चौधरी ने कहा कि रालोद-सपा गठबंधन इस बार योगी सरकार को उखाड़ फेंकेगा। भाजपा चाहे कुछ भी कर ले, इस बार जनता बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि यह किसानों, मजदूरों, समाजवादियों और अम्बेकरवादियों का गठबंधन है, जिससे भाजपा धराशाही होने जा रही है। जिन्ना की बात से आम जनता का कुछ लेना-देना नहीं है। किसान इस सरकार की मंशा को समझ चुकी है। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने धौलाना से सपा गठबंधन के प्रत्याशी असलम चौधरी, मुरादनगर के प्रत्याशी सुरेंद्र कुमार मुन्नी, गाजियाबाद से विशाल वर्मा, लोनी से मदन भैया और साहिबाबाद से अमरपाल शर्मा को जिताने की अपील की। इस अवसर पर ये सभी प्रत्याशी मौजूद थे।
फरमान/दीपक
