देवरिया (हि.स.)। सदर विधानसभा से घोषित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी शलभ मणि त्रिपाठी ने शनिवार को धतूरा खास स्थित ब्रह्म स्थान से अपने कुल देवता तथा सोमनाथ मंदिर से पूजा अर्चना कर अपने प्रचार का शुभारम्भ किया। सोमनाथ शक्ति केन्द्र के बूथ अध्यक्षों को माला पहनाकर प्रत्याशी ने सम्मानित किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी ने केवल मुझे प्रत्याशी नहीं बनाया बल्कि हर कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाया है। देवरिया का हर कार्यकर्ता शलभ मणि त्रिपाठी है। अभी तक जो मान-सम्मान और प्यार देवरिया ने मुझे दिया है, मुझे विश्वास है कि इस चुनाव में सभी कार्यकर्ता अपने को शलभ समझ कर चुनाव लड़ेगा।
रामपुर कारखाना से भाजपा के घोषित उम्मीदवार सुरेन्द्र चौरसिया को टिकट मिलने के बाद प्रथम देवरिया आगमन पर कार्यकर्ताओं द्वारा औरा चौरी भाजपा कार्यालय, पुरवा चौराहा, सुभाष चौक, महुआनी चौराहा, लाहिलपार, विशुनपुर कला, कुशहरी, बरियारपुर में माला पहना कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया गया। इस दौरान संजय पाण्डेय, जितेंन्द्र सिंह, राजन यादव, मारकंडेय गिरी, सूर्य प्रकाश शर्मा, अम्बिकेश पाण्डेय, तेज बहादुर पाल, राजन सोनकर, विजय पंडित आदि मौजूद रहे।
ज्योति/दीपक
