भाजपा दिवाली नहीं मनाती, लोगों का दिवाला निकाल देती है, उपचुनाव में की धांधली: अखिलेश

-नोटबंदी के दौरान पैदा हुए ‘खजांची’ का मनाया जन्मदिन 

लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को एक बार फिर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा दिवाली नहीं मनाती है लोगों का दिवाला निकाल देती है। आज जो अर्थव्यवस्था की खराब हालत है, उसकी जिम्मेदार भाजपा है। गरीब, किसान, नौजवान किसी को कुछ नहीं मिला। हमारा व्यापार खत्म हो गया। केवल बड़े व्यापारी ही खत्म नहीं हुए बल्कि छोटे दुकानदार, छोटे कारोबारी, सबका अगर नुकसान भाजपा ने किया है। 
अखिलेश यादव ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में कहा कि भाजपा को केवल नोटबंदी से यह फायदा मिला कि उसने उत्तर प्रदेश जीत लिया। नोटबंदी इसीलिए हुई कि उत्तर प्रदेश में कैसे भी भाजपा जीत जाए। उन्होंने कहा कि नोटबंदी ही नहीं बल्कि सरकार ने जो बड़े बड़े फैसले किए हैं, उससे जनता को निराशा मिली है। भाजपा ने पूरे देश की जनता का भरोसा तोड़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के इस कदम का लाभ बड़े लोगों को मिला और वह लोग देश छोड़कर भाग गए। नोटबंदी के आंकड़े सबके पास हैं। जिनके पास काला धन था वह देश छोड़कर भाग गए। भाजपा इसके बाद लकीर पीटने में लगी रही। 
अखिलेश ने कहा कि नोटबंदी के दौर में हम तो उस महिला के साथ खड़े हो गए, जो बैंक से अपने रुपये लेने के लिए लाइन में लगी और उसने वहीं पर बेटे को जन्म दिया। आज हम लोग उस बच्चे खजांची का जन्मदिन मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि आज हम खजांची का जन्मदिन मना रहे हैं। इस दौरान उन्होंने चार वर्षीय इस बालक को आशीर्वाद व शुभकामनाएं दी।
राज्य में सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के बारे में पूछे जाने पर अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने उपचुनावों में धांधली की है। परिणाम आने के बाद वह मीडिया को कुछ ऐसे वीडियो दिखाएंगे जिसमें मतदाताओं को निकलने से रोका जा रहा है।
इस दौरान अखिलेश ने अमेरिका में हुए चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत के बाहर भी ऐसे लोग जो समाज को बांट कर काम करना चाहते थे। उनको जनता ने रास्ता दिखा दिया और रास्ता ऐसा दिखाया है कि अब दोबारा उस रास्ते पर कोई नहीं चल सकता है। उन्होंने कहा कि वहां पर कुछ पत्रकारों ने यह दावा किया था कि चार साल में एक राष्ट्रपति ने बाइस हजार से ज्यादा झूठ बोले हैं। मैं यहां के पत्रकारों का मौका देता हूं कि आप उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और दिल्ली की सरकार के झूठ गिन लो तो लाखों में झूठ निकलेंगे।

error: Content is protected !!