Monday, August 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा के चार सौ पार के नारे से घबराते हैं इंडी गठबंधन...

भाजपा के चार सौ पार के नारे से घबराते हैं इंडी गठबंधन के नेता : योगी

– मुख्यमंत्री ने सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में जनसभा को किया सम्बोधित

बलिया (हि. स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सलेमपुर लोकसभा के भाजपा उम्मीदवार रविंदर कुशवाहा के समर्थन में शनिवार को मनियर में चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि हम जब चार सौ पार की बात करते हैं तो इंडी गठबंधन के लोग घबरा जाते हैं। ये सभी लोग मिलकर भी चार सौ सीटों पर चुनाव नहीं लड़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जनता इन्हें यह कह कर जवाब देगी कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे। बोले, कश्मीर से कन्याकुमारी और असम के कामरूप से गुजरात के कच्छ तक एक ही नारा गूंज रहा है कि चार जून को जब परिणाम आएगा तो कोई रामभक्त ही दिल्ली के सिंहासन पर बैठेगा।

भाजपा सरकार के कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी पीढ़ी ने बदलते भारत को देखा है कि किस तरह से परिवर्तन हो रहा है। अब कमल के चुनाव चिन्ह पर बटन दबती है तो देश और प्रदेश में विकास की यात्रा आगे बढ़ती है। मोदी सरकार के आने के बाद अब तो जोर से पटाखा फट जाता है तो पाकिस्तान सफाई देने लगता है कि ये मेरा नहीं है। आज का भारत छेड़ता नहीं है लेकिन छेड़ने पर छोड़ता भी नहीं है।

योगी ने कहा कि पाकिस्तान का राग अलापने वाले लोग देख लें कि वहां तेईस करोड़ लोग भूख से तड़प रहे हैं। अस्सी करोड़ लोगों को फ्री में राशन, आयुष्मान कार्ड की सुविधा मिली है। ऐलान किया कि जब नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे तो सभी गरीबी से नीचे रहने वाले लोगों को पक्का घर देंगे। सीएम योगी ने सवाल किया कि राम भक्तों पर गोली चलाने वाले अयोध्या में मंदिर बनाते क्या ? जवाब मिला नहीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और सपा का गठबंधन कहता है कि मिलकर लड़ेंगे और चुनाव जीतेंगे तो मिलकर लूटेंगे। हारने पर फिर से गठबंधन से फूटेंगे। ये कहते हैं कि भाजपा संविधान बदल देगी। संविधान का सबसे ज्यादा सम्मान भाजपा करती है। कांग्रेस और सपा वाले संविधान को लेकर झूठ फैला रहे हैं। संसद और विधानसभाओं में 33 फीसदी सीटें महिलाएं जीतें, इसके लिए भाजपा ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू किया है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इंडी वाले चाहते कि सत्ता में आए तो अल्पसंख्यकों की रुचि के अनुसार खान पान देंगे। जनता इन लोगों को गोकशी की छूट नहीं देगी। गोकशी करने वालों को आपका वोट जाएगा तो पाप होगा। जनता ये पाप नहीं करेगी। कहा कि भाजपा अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करती है तो आजमगढ़ में सुहेलदेव विश्वविद्यालय का भी निर्माण करती है। इस अवसर पर विधायक केतकी सिंह, विनोद शंकर दूबे, गिरीश चन्द्र त्रिपाठी, राजधारी सिंह, धनंजय कन्नौजिया, शिवशंकर चौहान आदि थे।

पंकज/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular