Sunday, April 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा की जीत से नगर निकाय चुनाव में बनेगा इतिहास : जितिन...

भाजपा की जीत से नगर निकाय चुनाव में बनेगा इतिहास : जितिन प्रसाद

-हमें पूरी तैयारियों के साथ निकाय चुनाव को जीतना है : रविंद्र जायसवाल

प्रयागराज (हि.स.)। योगी सरकार के मंत्री एवं प्रयागराज महानगर के चुनाव प्रभारी जितिन प्रसाद ने कहा कि हमें कार्यकर्ताओं पर पूरा विश्वास है कि नगर निगम की सभी सीटों पर जीत दर्ज करके प्रयागराज नगर निगम इतिहास रचेगा। इसका संदेश दूर तक जाएगा। यह बातें उन्होंने शनिवार को यहां सर्किट हाउस में निकाय चुनाव को लेकर महानगर भाजपा की बैठक के दौरान कही।

जितिन प्रसाद ने कहा कि प्रयागराज महानगर के क्षेत्र में लगने वाला विश्व का सबसे बड़ा कुंभ मेला प्रयागराज का महत्व बताता है। इसकी महत्ता की सबसे बड़ी विकास की जिम्मेदारी अन्य विभागों के साथ-साथ नगर निगम विभाग का महत्वपूर्ण स्थान होता है। ऐसे में आगामी 2025 का कुंभ मेले को देखते हुए महापौर के साथ नगर निगम के सभी वार्डों का चुनाव हमें जीतना है।

इस अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं प्रयागराज महानगर के चुनाव सह प्रभारी रविंद्र जायसवाल ने कहा कि हमें पूरी तैयारियों के साथ निकाय चुनाव को जीतना है। केंद्र व प्रदेश सरकार, सांसद, विधायक निधि एवं नगर निगम द्वारा हाल में वार्ड स्तर किए गए विकास कार्यों का लोकार्पण शीघ्र कर दिया जाए। अंत में कहा कि जनता के बीच विकास कार्यों को लेकर जनसंपर्क अभियान टोली बनाकर किया जाए।

बैठक की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने की। मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि बैठक में करणीय कार्य को लेकर चर्चा की गई। इसमें प्रमुख रूप से नए परिसीमन के हिसाब से मतदाता सूची में वोटरों का नाम बढ़वाना, वार्डों का पुनर्गठन, पोलिंग प्रभारी, बूथ प्रमुख, पन्ना प्रमुख, गली मोहल्ले स्तर पर टोली प्रमुख, बूथ लेवल ऑफीसर, गठन करने का निर्णय किया गया। बैठक में सभी पार्षदों से सुझाव मांगे गए जिसमें पार्षद किरन जायसवाल, राजू शुक्ला, नीरज गुप्ता, प्रभा शंकर गिरी बाबा, प्रणविजय सिंह आदि ने अपने सुझाव व्यक्त किए।

बैठक में मुख्य रूप से सांसद केसरी देवी पटेल, पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, विधायक हर्षवर्धन बाजपेई, प्रवीण पटेल, गुरु प्रसाद मौर्या, यमुनापार जिलाध्यक्ष विभव नाथ भारती, महापौर अभिलाषा गुप्ता, एलएस ओझा, कुंज बिहारी मिश्रा एवं नगर निकाय के महानगर एवं मंडल, प्रभारी, संयोजक, एवं मंडल अध्यक्ष और पार्षद, पूर्व पार्षद प्रत्याशी उपस्थित रहे।

विद्या कान्त

RELATED ARTICLES

Most Popular