Sunday, April 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा की जीत का मैसेज प्रयागराज से पूरे प्रदेश को जाये :...

भाजपा की जीत का मैसेज प्रयागराज से पूरे प्रदेश को जाये : अनिल राजभर

-मोदी का नारा ’अबकी बार चार सौ पार’ के संकल्प को प्रदेश की अस्सी की अस्सी सीटें जीतकर पूरा करना है : अनिल राजभर

-युवाओं को बसपा-सपा व गुंडों माफियाओं वाली सरकारों एवं भाजपा की सरकार के अंतरों को बताना होगा : अनिल राजभर

-इलाहाबाद लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति की समीक्षात्मक बैठक

प्रयागराज (हि.स.)। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नारा ’अब की बार चार सौ पार’ सार्थक हो, उनका संकल्प पूरा हो, एक ऐतिहासिक विजय के साथ तीसरी बार मोदी सरकार बने। ऐसे वातावरण का निर्माण प्रयागराज में हो कि पूर्वांचल ही नहीं, पूरे प्रदेश में इसकीं गूंज दिखे और उत्तर प्रदेश के सभी 80 संसदीय सीटों पर भाजपा का कमल खिले। इसका मैसेज प्रयागराज से पूरे प्रदेश को जाए।

यह बातें लोकसभा क्लस्टर प्रभारी प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने बुधवार को इलाहाबाद 52 लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति की समीक्षात्मक बैठक को यमुनापार के केन्द्रीय चुनाव कार्यालय रामपुर करछना में सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने बताया कि प्रयागराज मामूली धरती नहीं है। यहां की जनता ने दिल खोलकर भाजपा को अपना आशीर्वाद दिया है। कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। श्री राजभर ने राज्य सभा के आठ सीटों की जीत पर बधाई देते हुए कहा कि यह सामान्य घटना नहीं है। इन सभी विधायकों ने 2012, 2017, 2022 में चुनाव जीतकर अपनी दलीय सीमाओं को तोड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभियान की स्वीकार्यता का समर्थन करते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान किया और परिणाम को सबने स्वीकार्य किया।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हमने जो लक्ष्य निर्धारित किए, भारत को विश्वगुरु बनाने, हिन्दू राष्ट्र बनाने, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को स्थापित करने की ओर आगे बढ़ रहे हैं। प्रतिपक्ष विपक्ष के पास कुछ नहीं बचा है। भगवान श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हमारी संस्कृति सनातन हजारों वर्षों तक स्थापित रहेंगी। यह मोदी सरकार के पुरुषार्थ का परिणाम है। अगर हिन्दुस्तान फिर से नरेंद्र मोदी के हाथ में पांच साल के लिए आ गया तो फिर भारत का मुकाबला करने की हैसियत दुनिया के किसी देश में नहीं होगी। उन्होंने कहा कि नव मतदाताओं को बसपा, सपा व गुंडों माफियाओं वाली सरकारों और भाजपा सरकार के अंतरों को बताना होगा। उनको अपने विचारों के साथ जोड़ना होगा।

बैठक की अध्यक्षता यमुनापार जिलाध्यक्ष विनोद प्रजापति ने करते हुए कहा कि संगठनात्मक सभी कार्यों की पूर्ति हमारी ऐतिहासिक जीत की गारंटी होगी। लोकसभा संयोजक शिवदत्त पटेल ने कहा हर बूथ पर 370 मतदाता बढ़ाकर लोकसभा में भी 370 सीट प्राप्त करना लक्ष्य हो, तभी 370 धारा की सार्थकता होगी। महानगर जिलाध्यक्ष राजेंद्र मिश्र ने कहा कि घर-घर कमल खिलाना है।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद जल्द प्रयागराज आएंगे। इस संदर्भ में कार्यक्रम को लेकर क्लस्टर प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श किया। संचालन जिला महामंत्री राजेश शुक्ला ने किया। इस अवसर पर विक्रमाजीत मौर्य, पुष्पराज सिंह पटेल, प्रिंस गुप्ता, जय सिंह पटेल, ज्ञान सिंह पटेल, संतोष त्रिपाठी, राजेश्वरी तिवारी, कमलेश त्रिपाठी, शिवराम सिंंह परिहार, मनोज गुप्ता एवं सभी विधानसभा प्रभारी संयोजक, मंडल प्रभारी संयोजक के साथ सभी जिला पदाधिकारी और मोर्चा के जिलाध्यक्ष उपस्थित रहे।

विद्या कान्त/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular