मुजफ्फरनगर ( हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष मसूद अहमद ने भाजपा की प्रदेश एवं केंद्र सरकार को धोखेबाज बताते हुए कहा कि केंद्र एवं प्रदेश की दोनों सरकार जनता के साथ धोखाधड़ी कर रही है।
राष्ट्रीय लोकदल के जिला कार्यालय पर प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष मसूद अहमद ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार पर अपनी भड़ास निकालते हुए कहा कि प्रदेश में सरकार लगातार झूठे सब्जबाग दिखा रही है। मगर अब जनता इन धोखेबाजों के सब्जबाग के धोखे में नहीं आने वाली और 2022 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा की उत्तर प्रदेश सरकार को उखाड़ कर फेंक देगी।
कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने के साथ ही बेरोजगारी को भी बढ़ावा दे रही है। सरकारी अमला अपने आप परीक्षा पेपर आउट कराकर युवाओं के साथ खिलवाड़ कर रहा है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी एवं राष्ट्रीय लोकदल गठगठबंधन के साथ प्रदेश में सरकार बनाएगी। जिसमें किसानों के हितों का ध्यान रखते हुए किसान विरोधी सरकार को उखाड़ फेंक दिया जाएगा।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एवं राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी अपनी सरकार के आते ही युवाओं के हितों के लिए कार्य करेंगे। बेरोजगारी का दंश झेल रहे युवाओं को भरपूर रोजगार दिया जाएगा। 7 दिसंबर को होने वाली समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के गठबंधन की परिवर्तन रैली को लेकर उन्होंने कहा कि यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के लिए एक शंखनाद होगा। जिसमें भारी भीड़ के साथ इस सरकार को नेस्तनाबूद करने की प्रतिज्ञा ली जाएगी।
वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष प्रभात तोमर, पूर्व मंत्री योगराज सिंह, पूर्व विधायक शाहनवाज राणा, पूर्व विधायक नूर सलीम राणा, बुढाना ब्लॉक प्रमुख विनोद मलिक, कमल गौतम, मोनिका सिंह, कृष्ण पाल राठी रविश आलम सहित अन्य रालोद नेता मौजूद रहे।
