Thursday, April 16, 2026
Homeउत्तर प्रदेशऑटो पार्ट्स में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

ऑटो पार्ट्स में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

– आग बुझाने में जुटी आधा दर्जन से अधिक दमकल की गाड़ियां

कानपुर (हि.स.)। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में अचानक से आग लग गई। पड़ोसियों ने आग की सूचना दमकल और मालिक को दी। सूचना पर करीब आधा दर्जन से अधिक दमकल की गाड़ियों की बदौलत आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान में रखे लाखों का सामान जलकर खाक हो गया था।

कल्याण्पुर थाना के सामने रावतपुर के हसनपुर निवासी अनिल कुमार कुशवाहा की कृष्णा ऑटो पार्ट्स के नाम से दुकान है। दुकान में दो पहिया व चार पहिया वाहनों के पार्ट्स को रखा जाता था। रविवार को अनिल रोजाना की तरह दुकान को बंद करके घर चले गये थे। सोमवार को भोर पहर अचानक दुकान में आग लग गई और पड़ोसी दुकानदार सतनाम ने आग का धुंआ उठता देख अनिल को जानकारी दी। इसके साथ दमकल विभाग को भी जानकारी दी गई। पेट्रोल पंप के पास आग लगने की जानकारी होते ही फजलगंज, लाटूश रोड, अरमापुर समेत आधा दर्जन से अधिक दमकल की गाडियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद दो घंटे में आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दुकान में रखा लाखों का माल जलकर खाक हो चुका था। दुकान मालिक के मुताबिक करीब 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

कल्याणपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के चलते दुकान में आग लगने की बात सामने आई है। तहरीर मिलने पर दमकल अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular