भव्य और दिव्य अयोध्या बनाने की दिशा में हो रहा कार्य : नीलकंठ तिवारी

अयोध्या। प्रदेश के पयर्टन राज्य मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री नीलकंठ तिवारी ने शुक्रवार को वर्चुअल प्रेस वार्ता कर अयोध्या में विकास के विषय में  कहा कि भव्य और दिव्य अयोध्या बनाने की दिशा में काम हो रहा है। कोरोना को लेकर व्यवधान होने पर भी अभी कार्यों की टाईमलाईन नहीं बढ़ाई गयी है। निश्चित समय में हम सभी प्रोजेक्टों को पूरा करेंगे। 

उन्होंने बताया कि पूर्व सरकारों के कार्यकाल में अयोध्या को विवाद की दृष्टि से देखा जाता था। प्रदेश की योगी सरकार ने अयोध्या के विकास के द्वारा पूर्व स्वरुप में स्थापित करने की शुरुआत की। अयोध्या को नगर निगम का दर्जा दिया गया। जिले का नाम परिवर्तित करके अयोध्या रखा गया। ऐतिहासिक दीपोत्सव का आयोजन किया गया। दीपोत्सव ने अपने ही रिकार्ड को तोड़ा। अयोध्या के विकास का खाका तैयार है। शुरु की गयी कई परियोजनाओं को विस्तृत स्वरुप प्रदान किया गया है। पयर्टन विभाग की 180 करोड़ व अन्य विभागों की करीब 500 करोड़ की परियोजनाएं प्रचलित है। 
उन्होंने कहा कि 1947 में देश की पंचवर्षीय योजना लागू करते समय ही आत्मनिर्भर भारत बनाने को लेकर काम करना था। परन्तु तब की सरकार ने आत्मनिर्भरता को बढ़ावा न देकर आयात को दिया। 2014 में जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार आयी तो उस समय देश की जनता की कुछ जरुरतें थी। भ्रष्टाचार रुपी बीमारी नस में समा गयी थी। सरकार ने इस बीमारी को दूर किया। लोगों की जरुरतों को जनधन, स्वच्छ भारत, निशुल्क विद्युत, उज्जवला, जैसी कई योजनाओं के माध्यम से पूरा किया। इसके बाद सरकार का ध्यान देश की समस्याओं पर गया। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के उपरान्त अयोध्या में भव्य राममंदिर, धारा 370 की समाप्ति, तीन तलाक से मुक्ति, नागरिकता संसोधन अधिनियम के तहत नागरिकता देने की व्यवस्था की गयी। 
उन्होंने बताया कि इसके बाद पूरा विश्व कोरोना नामक वैश्विक बीमारी की चपेट में आ गया। इतनी बड़ी आबादी का देश होने के कारण पूरी दुनिया भारत में काफी मौते होने कयास लगा रही थी। परन्तु सरकारी उपायों के कारण उनका कयास झूठा साबित हुआ। भारत आज विकसित देशों की तुलना में अच्छी स्थिति में है। कोरोना संक्रमण के पहले भारत में कोविड हॉस्पिटल नहीं थे। कई जिलों में आईसीयू नहीं थे। टेस्ट की सुविधा नहीं थी। परन्तु आज हजारों की तादात में हॉस्पिटल है। लाखों में जांच भी हो रही है। कोरोना काल में गरीबों के लिए एक लाख सत्तर हजार के राहत पैकेज तथा उद्योग धंधों को मजबूती प्रदान करने के लिए 20 लाख करोड़ के आत्मनिर्भर पैकेज की घोषणा हुई।

प्रधानमंत्री ने वोकल फॉर लोकल अभियान की शुरुआत की। जिनको ब्रांडेड कहा जाता है वह भी कभी लोकल थे। अभियान में लोकल ग्लोबल बनाने की प्रक्रिया शुरु की गयी। आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए पीएम मोदी ने अपना विजन दिया। बीस लाख करोड़ के राहत पैकेज की घोषणा की गयी। जिसमें प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना, लघु तथा कुटीर उद्योगो को राहत, ग्लोबल टेंडर में सुधार, महिलाओं के खाते में धनराशि पहुंचना, तीन माह का सिलेण्डर, 80 करोड़ गरीब परिवारों को मुफ्त राशन शामिल है। वन नेशन वन राशन का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। हम वैभवशाली भारत बनाने की ओर अग्रसर है। महानगर जिलाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने कार्यक्रम का संचालन किया। 
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, मीडिया प्रभारी दिवाकर सिंह, डा. अंशुमान मित्रा, आशीष मिश्रा मौजूद रहे। 

error: Content is protected !!