भगवान परशुराम की मूर्ति का फरसा गिरने पर भाजपा बोली, सपा ने यहां भी किया भ्रष्टाचार

-सपा द्वारा स्थापित कराई गयी प्रतिमा का फरसा टूटकर गिरने पर भाजपा ने बोला हमला

लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश की सियासत में भगवान राम, कृष्ण और परशुराम के साथ ही उनका फरसा भी सुर्खियों में आ गया है। समाजवादी पार्टी द्वारा स्थापित कराई गयी भगवान परशुराम की मूर्ति का फरसा टूटकर गिरने पर भाजपा ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। सत्ताधारी दल ने कहा है कि समाजवादी का मतलब ही भ्रष्टाचार और गुण्डाराज है। भगवान परशुराम की मूर्ति बनाने में भी सपाई कमीशन खा गये। वोट के लिए सपाई भगवानों को जाति में बांटकर उनका इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके लिए न तो भगवान उन्हें माफ करेंगे और न ही प्रदेश की जनता।

समाजवादी पार्टी के ब्राह्मण नेताओं ने मिलकर भगवान परशुराम की मूर्ति की स्थापना की है। उस मूर्ति में भगवान परशुराम का फरसा गिर गया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि समाजवादी पार्टी किस प्रकार से चुनावी हिन्दू बनी है, इसका आज जीता जागता उदाहरण दिखाई पड़ा। समाजवादियों ने मूर्ति में भी मिलटावट और भ्रष्टाचार करने का काम किया। भगवान परशुराम की जो मूर्ति नहीं बना सकते, उस मूर्ति से फरसा टूट कर गिर गया। इस फरसे से ही समाजवादी पार्टी का नास हो जाएगा। समाजवादी पार्टी ब्राह्मणों को लुभाने के लिए आज भगवान परशुराम का इस्तेमाल कर रही है। जो भगवानों का जाति देखते हों, जो भगवानों को चुनाव के लिए इस्तेमाल करते हों, ऐसे लोगो को भगवान माफ नहीं करेंगे और जनता भी माफ नहीं करेगी। समाजवादी पार्टी का यह भ्रष्टाचार उजागर हो गया है।

विधानसभा चुनाव में भाजपा के साथ ही अन्य राजनीतिक दलों का भी भगवान राम कृष्ण के प्रति प्रेम जाग गया है। बहुजन समाज पार्टी प्रदेश में लोगों को लुभाने के लिए ब्राह्मण सम्मेलन किये। सतीश चन्द्र मिश्र ने उसकी कमान सम्भाली। समाजवादी पार्टी उनसे भी आगे निकल कर कहा कि ब्राह्मणों के सच्चे हितैषी वह हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्र समेत अन्य समाजवादी ब्राह्मण नेताओं ने मिलकर भगवान परशुराम की मूर्ति लगवाई। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उस मूर्ति का अनारवाण किया था। कुछ ही दिन में भगवान परशुराम का फरसा टूट कर गिर गया। अब उस पर भाजपा ने सपा पर पलटवार किया है।

दिलीप शुक्ला

error: Content is protected !!